दहीहंडी का लोहे का ढांचा सिर पर गिरा, 45 वर्षीय महिला की मौत

पुरानी सांगवी परिसर की घटना

पिंपरी-चिंचवड़/दि.5 – पुणे के पुरानी सांगवी इलाके में दहीहंडी उत्सव समाप्त होने के बाद लोहे का ढांचा उतारते समय हुए दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान सलमा सलाउद्दीन पठाण के रूप में हुई है. रात करीब 11 बजे मंडल के कार्यकर्ता लोहे का भारी ढांचा नीचे उतार रहे थे. इसी दौरान ढांचे का एक भारी हिस्सा अचानक नीचे गिर गया और वहां खड़ी सलमा के सिर पर जा लगा. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, दहीहंडी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंडल के कार्यकर्ता मंच पर लगाए गए लोहे के ढांचे को नीचे उतार रहे थे. इसी दौरान ढांचे का एक भारी हिस्सा अचानक अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरा. सलमा उसी स्थान पर मौजूद थीं और इसकी चपेट में आ गईं. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. अचानक हुए इस हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
इस घटना की सबसे दर्दनाक बात यह है कि सलमा पठाण का बेटा इसी दहीहंडी मंडल में सक्रिय कार्यकर्ता है. हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार और मंडल से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. बताया गया है कि बेटे के मंडल से जुड़े होने के कारण परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से इनकार किया है. हालांकि, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जानकारी ली है और परिवार से आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया है. मामले की जांच की जा रही है.
* नौवीं मंजिल से गोविंदा गिरने से मचा हड़कंप
दहीहंडी उत्सव के दौरान मुंबई के घाटकोपर में भी एक गोविंदा के नौवीं परत से नीचे गिरने की घटना सामने आई. गणेश चुक्कल की दहीहंडी में अखिल मालपा डोंगरी, अंधेरी पूर्व के गोविंदा दल ने नौ परतों का गठन किया था. नौवीं परत पूरी करने के बाद नीचे उतरते समय ऊपरी परत का एक गोविंदा नीचे गिर गया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.

Back to top button