डॉक्टर से मारपीट पर शिंदे सेना की बड़ी कार्रवाई

जिला प्रमुख समेत सात पदाधिकारी पार्टी से निष्कासित

* अस्पताल में डॉक्टर-कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट का मामला
पालघर/दि.8- पालघर जिले में निजी अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारियों के साथ मारपीट करना शिंदे सेना के स्थानीय पदाधिकारियों को भारी पड़ गया. घटना के बाद उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने जिला प्रमुख कुंदन संखे और युवा सेना जिला प्रमुख साईराज पाटील समेत सात पदाधिकारियों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. दूसरी ओर, पुलिस ने इस मामले में कुल 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार पालघर के एक निजी अस्पताल में दहीहंडी उत्सव के दौरान घायल हुए एक गोविंदा को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था. उसे अस्पताल से छुट्टी देने के मुद्दे को लेकर शिंदे सेना के कुछ स्थानीय पदाधिकारियों और अन्य लोगों की डॉक्टर तथा अस्पताल कर्मचारियों से बहस हो गई. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर डॉक्टर और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की.
अस्पताल में हुई घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में डॉक्टर के साथ मारपीट किए जाने का दृश्य दिखाई देने की बात सामने आई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. इनमें पार्टी से निष्कासित किए गए कुंदन संखे और राहुल घरत समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं.
शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की ओर से की गई कार्रवाई में जिन पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर किया गया है, उनमें जिला प्रमुख कुंदन बालकृष्ण संखे, शहर प्रमुख राहुल रामदास घरत, युवा सेना उप तालुका प्रमुख मनिश उर्फ विकी संखे, युवा सेना जिला प्रमुख साईराज पाटील, उप तालुका प्रमुख रोहित गावित, उप शहर प्रमुख राहुल संखे, युवा सेना विधानसभा समन्वयक ऋषभ वारे का समावेश है.

Back to top button