भीषण सडक हादसे में 6 की मौत, 7 गंभीर
गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर ट्रक-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत

* मजदूरों से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर
* मध्य प्रदेश से तेलंगाना मजदूरी के लिए जा रहे थे श्रमिक
* मृतकों में तीन साल का बच्चा भी शामिल
गोंदिया /दि.8- रोजगार की तलाश में मध्य प्रदेश से तेलंगाना जा रहे मजदूरों पर गोंदिया में सोमवार देर रात मौत का कहर टूट पड़ा. गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा-मोहरानटोली क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. मृतकों में महज तीन वर्ष का मासूम बच्चा भी शामिल है. इस दर्दनाक हादसे से गोंदिया और मध्य प्रदेश के बालाघाट क्षेत्र में शोक की लहर है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के मजदूर रोजगार के लिए तेलंगाना की ओर जा रहे थे. सभी मजदूर पिकअप वाहन में सवार होकर गोंदिया-बालाघाट मार्ग से आगे बढ़ रहे थे. सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात नागरा-मोहरानटोली के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी. ट्रक और पिकअप की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. उसमें सवार मजदूरों को गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के नागरिक मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस को भी सूचना दी गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई. वहीं सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है. घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है. हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत ने दुर्घटना की भयावहता को और बढ़ा दिया है. रोजगार की तलाश में घर से निकले परिवारों पर अचानक आई इस त्रासदी से मध्य प्रदेश के बालाघाट सहित गोंदिया क्षेत्र में शोक का माहौल है.
बताया जा रहा है कि ये मजदूर मध्य प्रदेश से तेलंगाना में मजदूरी करने के लिए निकले थे. बेहतर रोजगार और रोजी-रोटी की तलाश में घर से निकले इन श्रमिकों को रास्ते में ही दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा. दुर्घटना के बाद उनके परिवारों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी में ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है. हादसे के पीछे तेज रफ्तार अथवा चालक की लापरवाही समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है.





