अगले माह पधारेंगे गोस्वामी हरिराय जी महोदय श्री
सप्त दिवसीय श्री अष्टसखा चरितामृत

* हरिचंद मंगलम् में 1 अक्तूबर से आयोजन
* अमरावती के वैष्णवों में अपार उत्साह
अमरावती/दि.8 – श्री गोवर्धन नाथजी हवेली सत्संग मंडल रायली प्लॉट द्वारा आगामी अक्तूबर में सप्त दिवसीय श्री अष्टसखा चरितामृत का सुंदर एवं मंगलमय आयोजन किया गया है. जिसमें पूज्यपाद गोस्वामी हरिराय महोदय श्री के मुखारविंद से चरितामृत का वर्णन होगा. आयोजन बडनेरा रोड के गोपाल नगर चौक स्थित हरिचंद मंगलम् में आगामी 1 से 7 अक्तूबर दौरान दोपहर 3 से 7 बजे तक रहेगा. वैष्णवों में इस आयोजन को लेकर बडा उत्साह परिलक्षित हो रहा है. महिला और पुरुष सभी उत्साह से आयोजन को सफल सार्थक करने जुटे हैं.
आयोजन अनेक वर्षों पश्चात अंबानगरी की धरा पर होने जा रहा है. अत: पास-पडोस के नगरों-शहरों से भी वैष्णवजन पधारेंगे. इसलिए बडे उमंग, उल्लास से हवेली सत्संग मंडल और महिला वर्ग जुटे हैं. आयोजन के सोशल मीडिया पर रील्स डाले जा रहे हैं. यह रील्स सुपरहिट हो जाने का दावा हवेली सत्संग मंडल ने किया और बताया कि, सैकडों वैष्णव आयोजन को सफल, चिरस्मरणीय बना रहे हैं. नानाविध तैयारियों में सभी जुटे हैं. अनेकानेक कार्यस्थल पर वैष्णवों की 7 दिनों तक निवास और भोजन आदि का प्रबंध किया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि, पूज्य गोस्वामी हरिराय जी महोदय श्री वर्षों पश्चात आ रहे हैं. ऐसे में विविध समितियां बनाकर हवेली सत्संग मंडल ने जिम्मेदारियों को सौंप दिया है.





