मटन की दुकान के बाहर मिला युवक का शव
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के विलास नगर की घटना

अमरावती/दि.8- गाडगे नगर थाना क्षेत्र के विलास नगर परिसर में एक मटन की दुकान के बाहर मंगलवार को सुबह एक 40 वर्षीय युवक का शव फांसी पर लटका मिलने से खलबली मच गई. मृतक युवक की शिनाख्त विठ्ठल पुरी उर्फ पप्पू के रुप में की गई है.
जानकारी के मुताबिक विलास नगर परिसर में नागरिक घूम रहे थे तब उन्हें मटन की दुकान के पास एक युवक का शव फांसी पर लटका दिखाई दिया. नागरिकों ने तत्काल गाडगे नगर पुलिस को घटना की जानकारी दी. यह खबर परिसर में फैलते ही घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई. गाडगे नगर पुलिस का दल भी घटनास्थल आ पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया. मृतक की शिनाख्त मध्यप्रदेश के भैसदेही निवासी विठ्ठल पुरी उर्फ पप्पू के रुप में हुई है. मृतक की आत्महत्या का कारण पता नहीं चल पाया है. वह अमरावती विलास नगर परिसर में कैसे पहुंचा. इस बाबत पुलिस जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है.





