शादी का झांसा देकर आठ साल तक संबंध बनाने का आरोप

पठाण चौक निवासी आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी

* महिला की शिकायत के बाद नागपुरी गेट पुलिस के डीबी पथक की त्वरित कार्रवाई
अमरावती/दि.9 – अमरावती के पठाण चौक क्षेत्र में 27 वर्षीय महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर करीब आठ वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत मिलते ही नागपुरी गेट पुलिस थाने के डीबी पथक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान शहा इमाम शहा (30, पठाण चौक, अमरावती) को हिरासत में ले लिया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता महिला मजदूरी करती है और पिछले करीब आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है. उसके दो बच्चे हैं. महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसकी पहचान इमरान शहा से हुई और उसने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाए. महिला ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि 1 जनवरी 2019 से 31 अगस्त 2026 के बीच आरोपी उसे कभी पठाण चौक स्थित अपने घर, तो कभी वाहेद खान डीएड कॉलेज के पास स्थित दूसरे घर पर ले जाता था. कुछ समय से वह महिला के घर भी आने लगा था. शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने गर्भधारण रोकने के लिए उसे कई बार अपने घर ले जाकर दवा दी. महिला का कहना है कि शादी का आश्वासन देकर आरोपी ने लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी के संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया.
महिला की शिकायत के आधार पर नागपुरी गेट पुलिस ने मामला दर्ज किया है. इसके बाद डीबी पथक ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस अब महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता, दोनों के बीच संबंधों की अवधि, शादी के कथित आश्वासन तथा दवा दिए जाने के आरोपों से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है. मामले में आवश्यक दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button