अमरावती सेंट्रल जेल के कैदी की अस्पताल में मौत
परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

* मोक्का के तहत गिरफ्तार आदिल कुरैशी ने तीन दिन पहले परिजनों को बताई थी तबीयत खराब होने की बात
* जेल प्रशासन ने कहा – चार वर्षों से ब्रेन ट्यूमर से था पीड़ित
अमरावती /दि.9- अमरावती मध्यवर्ती कारागृह (सेंट्रल जेल) में न्यायिक हिरासत में बंद एक विचाराधीन बंदी की बुधवार सुबह जिला सामान्य अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान आदिल नजीर कुरैशी (36, सांताक्रुज, मुंबई) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन पर उचित इलाज उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है, जबकि जेल प्रशासन का कहना है कि बंदी लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित था और उसे नियमित चिकित्सा सुविधा दी जा रही थी.
जानकारी के अनुसार आदिल कुरैशी को करीब 15 दिन पहले अमरावती सेंट्रल जेल लाया गया था. इससे पहले वह मुंबई की तलोजा जेल में बंद था. उसके खिलाफ मुंबई के सांताक्रुज पुलिस थाने में दर्ज गंभीर अपराध के मामले में मोक्का सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी. परिजनों के मुताबिक आदिल ने तीन दिन पहले अपने भतीजे मेहंदी हसन को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी. सूचना मिलने पर मेहंदी हसन, आदिल की पत्नी और बहन तत्काल अमरावती पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि जेल पहुंचने के बावजूद उन्हें आदिल से मुलाकात नहीं करने दी गई. परिवार ने कई बार मुलाकात का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. बुधवार को उन्हें जानकारी मिली कि आदिल को इलाज के लिए जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया है. जब वे अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उपचार के दौरान उसकी मौत हो चुकी है.
मृतक के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि आदिल को जेल अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं दी गई. उनका कहना है कि यदि समय पर उचित उपचार मिलता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी. मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए परिजन फ्रेजरपुरा पुलिस थाने पहुंचे और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
* जेल प्रशासन का पक्ष
जेल प्रशासन द्वारा फ्रेजरपुरा पुलिस थाने को सौंपे गए लिखित स्पष्टीकरण के अनुसार, आदिल नजीर कुरैशी (न्यायाधीन बंदी क्रमांक 2422/2026) के खिलाफ सांताक्रुज पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 12/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज है. उसे 28 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया था. जेल प्रशासन का दावा है कि आदिल पिछले लगभग चार वर्षों से ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से पीड़ित था और कारागृह प्रशासन की ओर से उसकी नियमित चिकित्सा निगरानी और उपचार किया जा रहा था. लिखित जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7.25 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उसे चक्कर आने के बाद बेहोशी की स्थिति हुई तथा नाक से रक्तस्राव शुरू हो गया. कारागृह के चिकित्सकों की सलाह पर उसे तत्काल जिला सामान्य अस्पताल भेजा गया. जिला सामान्य अस्पताल में उपचार के दौरान डॉ. श्रीकांत झडके ने सुबह करीब 7.45 बजे आदिल कुरैशी को मृत घोषित कर दिया. प्रशासन के अनुसार घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है तथा पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा रही है.





