गुंडा स्क्वॉड दल ने दो तड़ीपार दबोचे

गाडगे नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई

अमरावती/दि.15- आगामी गणेशोत्सव एवं दुर्गोत्सव के मद्देनजर शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमरावती पुलिस ने तड़ीपार बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस आयुक्तालय की ओर से गठित गुंडा स्क्वॉड इन दिनों फुल एक्शन मोड में नजर आ रहा है. इसी अभियान के तहत शहर में प्रवेश करने वाले दो तड़ीपार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
जानकारी के मुताबिक पहली कार्रवाई सोमवार 14 सितंबर की रात नवसारी चौक परिसर में की गई. पुलिस ने यहां सय्यद कौसिफ सय्यद आसिफ (28) को हिरासत में लिया. जांच के दौरान उसके तड़ीपार होने की जानकारी सामने आई. इसके बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए गाडगे नगर पुलिस थाने के सुपुर्द किया गया. वहीं, दूसरी कार्रवाई रविवार 13 सितंबर की शाम करीब 8.30 बजे गाडगे नगर पुलिस थाना क्षेत्र में की गई. पुलिस ने मशानगंज निवासी क्रिश सुनील संकेत (22) के खिलाफ तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने के मामले में कार्रवाई की. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए शहर की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों, तड़ीपार होने के बावजूद शहर में दाखिल होने वाले आरोपियों तथा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बदमाशों पर विशेष नजर रखी जा रही है. गुंडा स्क्वॉड की लगातार सक्रियता से ऐसे तत्वों में खलबली मची हुई है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सालुंके तथा सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलुरकर के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में एपीआई मिलिंद हिवरे, सतीश देशमुख, सुभाष पाटील, मतीन शेख तथा सूरज यादव ने सहभाग लिया.

Back to top button