मलकापुर पुलिस ने मुख्य आरोपी को दिया अधिकार पत्र
वकील पर हमला मामला

* हाईकोर्ट ने पीएसआई को नोटिस जारी किया
* दो सप्ताह में जवाब दाखिल करने का आदेश
* पुलिस अधीक्षक से भी कार्रवाई की मांग
अमरावती/दि.15 – बुलढाणा जिले के मलकापुर ग्रामीण पुलिस थाने के एक मामले में मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने पुलिस उपनिरीक्षक प्रशांत राठौड़ को नोटिस जारी किया है. आरोप है कि वकील पर हमले के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस की ओर से दस्तावेज जुटाने के लिए अथॉरिटी लेटर जारी किया गया. हाईकोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पीएसआई से दो सप्ताह में जवाब मांगा है.
जानकारी के मुताबिक एड. घनश्याम ढोले ने पुलिस थाने में एक वकील पर हुए हमले के मामले को लेकर मानवाधिकार आयोग में शिकायत की थी. इसी शिकायत के संबंध में मलकापुर ग्रामीण पुलिस थाने के पीएसआई प्रशांत राठौड़ ने पुलिस की ओर से दस्तावेज एकत्र करने के लिए निजी व्यक्ति एवं वकील पर हमले के मामले में धनोरा निवासी मुख्य आरोपी संदीप समाधान गावंडे को दस्तावेज दिए थे. इसी मुद्दे को एड. ढोले ने उठाया. मामला बाद में मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ के समक्ष पहुंचा. कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएसआई प्रशांत राठौड़ को नोटिस जारी किया और दो सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. इस बीच एड. ढोले ने बुलढाणा के पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर संबंधित पीएसआई के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी. उनका कहना है कि, शिकायत के बावजूद अब तक संबंधित अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है. अब हाईकोर्ट की ओर से नोटिस जारी होने के बाद पुलिस की ओर से इस मामले में क्या जवाब दिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.





