थाने से महज 10 कदम दूर तलवार लहराता रहा आरोपी
अशोक नगर के बाद सिंधी कैंप में भी दहशत

* गणेशोत्सव के पुलिस बंदोबस्त पर उठे सवाल
अमरावती/दि.22- बडनेरा पुलिस थाने से महज 10 कदम की दूरी पर अशोक नगर में रविवार रात करीब 12 बजे जेवडनगर निवासी एमपीडीए के आरोपी साहिल मेश्राम (35) द्वारा कथित तौर पर तलवार लहराने की घटना सामने आई. आरोप है कि घटना के तत्काल बाद भी पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं सकी. इसके बाद वह सिंधी कैंप क्षेत्र में भी पहुंचा और वहां तलवार लहराकर दहशत फैलाने की बात सामने आई है.
घटना के समय थानेदार के थाने में मौजूद होने की जानकारी है. इसके बावजूद आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं. गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक आरोपी का एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना पुलिस की सतर्कता को लेकर भी चर्चा का विषय बना हुआ है.
* विधायक की नाराजगी के बाद थानेदार से जवाब-तलब
मामले को लेकर विधायक रवि राणा द्वारा नाराजगी जताए जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लिया है. जानकारी के मुताबिक डीसीपी यशवंत सोलंके ने सोमवार को बडनेरा थानेदार से घटना को लेकर जवाब-तलब किया. पुलिस की प्रतिक्रिया में कथित देरी के कारणों की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ली जा रही है.
* धार्मिक स्थल पर पथराव के मामले में भी सवाल
इसी बीच रविवार सुबह एक धार्मिक स्थल पर पथराव की घटना के मामले में पकड़े गए एक व्यक्ति को कार्रवाई किए बिना छोड़ दिए जाने की बात भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ था. हालांकि, इस मामले में कार्रवाई को लेकर नागरिकों में नाराजगी की स्थिति बताई जा रही है. विधायक रवि राणा ने भी इस घटना को लेकर पुलिस आयुक्त के समक्ष नाराजगी जताए जाने की जानकारी सामने आई है.
* एक ही दिन की दो घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
तलवार लहराने की घटना में तत्काल कार्रवाई नहीं होने और पथराव के मामले में आरोपी को छोड़ने के आरोपों के बाद बडनेरा पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं. गणेशोत्सव के दौरान पुलिस बंदोबस्त के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आने से पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की क्षमता पर चर्चा शुरू हो गई है. अब इन दोनों घटनाओं को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं और पुलिस की ओर से क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है, इस पर नागरिकों की नजर बनी हुई है.





