शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो पोते ने दादी को उतारा मौत के घाट

84 वर्षीय वृद्धा पर लकड़ी की पट्टी से किए वार

* दर्यापुर के गाडगेनगर-भवानीवेश में तड़के की वारदात, आरोपी गिरफ्तार
दर्यापुर/दि.23 – शहर के गाडगेनगर-भवानीवेश परिसर में मंगलवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने से गुस्साए 38 वर्षीय पोते ने अपनी 84 वर्षीय दादी के सिर और हाथ पर लकड़ी की पट्टी से वार कर उनकी हत्या कर दी. घटना के बाद दर्यापुर पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है. मामूली विवाद में वृद्ध दादी की हत्या किए जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतका का नाम दर्यापुर के गाडगे नगर निवासी सीताबाई दौलत चव्हाण (84) है. जबकि आरोपी का नाम विलास विट्ठल चव्हाण (38) है.
जानकारी के मुताबिक आरोपी विलास चव्हाण शराब पीने का आदी बताया जा रहा है. उसने अपनी दादी सीताबाई से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे. दादी ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने घर में पड़ी लकड़ी की पट्टी उठाकर दादी पर हमला कर दिया. आरोपी ने सीताबाई के सिर और हाथ पर लकड़ी की पट्टी से कई वार किए. हमले में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई.
* तड़के हुई वारदात से परिसर में खलबली
घटना की सूचना मिलते ही दर्यापुर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सबूत जुटाए. वृद्ध दादी की उनके ही पोते द्वारा हत्या किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद गाडगेनगर-भवानीवेश परिसर में शोक की लहर फैल गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक इतनी बुजुर्ग महिला पर इस तरह हमला किए जाने की घटना से लोगों में काफी आक्रोश है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
* अन्य कारणों की भी जांच
प्रारंभिक जांच में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने की बात हत्या की वजह सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई पारिवारिक विवाद, पुराना झगड़ा या अन्य कारण तो नहीं था. पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं. इस मामले में कुंकूला नारायण चव्हाण की शिकायत के आधार पर दर्यापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. उपविभागीय पुलिस अधिकारी सतीश कुलकर्णी और थानेदार अजीत राठोड़ के मार्गदर्शन में एपीआई रामकृष्ण सोनोने मामले की आगे जांच कर रहे हैं. पुलिस हत्या में इस्तेमाल लकड़ी की पट्टी समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. आरोपी से पूछताछ के बाद घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होने की संभावना है.

Back to top button