दर्यापुर शहर में खतरनाक डिवाइडर कट-आउट्स पर स्पीड ब्रेकर लगाओ
भाजपा युवा मोर्चा ने नगर परिषद और पीडब्ल्यूडी को दिया ज्ञापन

मांगें नहीं मानी तो तीव्र जनआंदोलन की चेतावनी
दर्यापुर/दि.1 – दर्यापुर नगर परिषद सीमा के अंदरूनी रास्ते, मुख्य चौक तथा नेशनल हाईवे पर बने खतरनाक डिवाइडर कट-आउट्स पर तुरंत गतिरोधक लगाए जाएं, इस मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा दर्यापुर शहर की ओर से नगर परिषद के मुख्याधिकारी और सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया.
ज्ञापन सौंपते समय नगरसेवक तथा भाजपा गटनेता दिनेश पारडे, भाजयुमो शहर अध्यक्ष मृणाल इंगले, शहर महामंत्री वैभव बायसकार, शहर उपाध्यक्ष शुभम गजभिये, साथ ही नंदूभाऊ कपिले, अंकुशभाऊ पाटणे, निलेशभाऊ विल्हेकर, अक्षयभाऊ विल्हेकर, विजय चव्हाण सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे. इस ज्ञापन की प्रतियां उचित कार्रवाई के लिए उपविभागीय अधिकारी व पुलिस निरीक्षक दर्यापुर को भी भेजी गई हैं.
दर्यापुर शहर के मुख्य बाजार, स्कूल, कॉलेज व रिहायशी परिसरों में वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. शहर के अंदरूनी रास्तों व नेशनल हाईवे पर डिवाइडर बनाए गए हैं, लेकिन उनके कट-आउट्स के पास स्पीड ब्रेकर न होने से मुख्य व अंदरूनी रास्तों से तेज गति से आने वाले वाहनों के कारण रोजाना छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं. अचानक तेज गति से आने वाले वाहनों से छोटे बच्चे, महिलाएं, स्कूली विद्यार्थी और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सड़क पार करना बेहद कठिन व खतरनाक हो गया है.





