तलवार की नोक पर सुपारी से भरी पिकअप लूटी, बाद में लगाई आग

गुटखा तस्करी के वर्चस्व की जंग सड़क पर आइ

नागपुरी गेट पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया लूट व आगजनी का मामला
अमरावती /दि.2– शहर में प्रतिबंधित गुटखा तस्करी को लेकर चल रही कथित वर्चस्व की जंग अब सड़क पर सामने आने लगी है. नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में तलवार की नोक पर सुपारी से भरी एक पिकअप गाड़ी को कथित तौर पर लूटने के बाद उसमें रखा माल आग के हवाले कर दिया गया. इस घटना से अवैध गुटखा कारोबार से जुड़े विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है.
जानकारी के मुताबिक बडनेरा निवासी अब्दुल फहीम ए. नजीर (29) ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर नागपुरी गेट पुलिस ने खिज्र, असीम उर्फ लड्डू, गोलू और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ लूट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है.

* आधी रात गवलीपुरा मस्जिद के पास वारदात
शिकायत के मुताबिक, 30 सितंबर की रात करीब 12 बजे अब्दुल फहीम अपने दोस्त रहमत उल्लाह खान के साथ गवलीपुरा मस्जिद के पास पिकअप वाहन क्रमांक चक 48 उइ 3247 में सुपारी का माल लेकर खड़ा था. इसी दौरान खिज्र नामक आरोपी हाथ में तलवार लेकर वहां पहुंचा. उसके साथ असीम, गोलू और दो अन्य लोग भी थे. आरोप है कि आरोपियों ने ड्राइवर को गाली-गलौज करते हुए धमकाया और तलवार दिखाकर उससे करीब 15 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन तथा 8 हजार रुपये नकद जबरन छीन लिए. इसके बाद आरोपी सुपारी से भरी पिकअप गाड़ी भी अपने साथ ले गए. तलवार के डर से शिकायतकर्ता वहां से भाग गया.

* जमील कॉलोनी में गाड़ी के माल को आग
शिकायत के मुताबिक आरोपी लूटी गई पिकअप को जमील कॉलोनी की ओर ले गए. वहां वाहन में रखे सुपारी के माल में आग लगा दी गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक माल काफी हद तक जल चुका था. पुलिस ने शिकायत के आधार पर लूट और आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

* गुटखा तस्करी के वर्चस्व को लेकर विवाद की चर्चा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे प्रतिबंधित गुटखा कारोबार से जुड़े वर्चस्व के विवाद की आशंका जताई जा रही है. कथित तौर पर इस बात को लेकर विवाद चल रहा था कि संबंधित माल किसका है और उसे किसके नियंत्रण में ले जाया जा रहा था. हालांकि, माल वास्तव में किसका था और आग लगाने के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. नागपुरी गेट थाने के प्रभारी मनोहर कोटनाके के मुताबिक पांच आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों की पहचान हो चुकी है और पुलिस आगे की जांच कर रही है.

Back to top button