नारायणपुर की उर्दू शाला में गांधी-शास्त्री जयंती उत्साह से मनाई
सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को किया याद

विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
अंजनगांव सुर्जी/दि.3 – अंजनगांव सुर्जी तहसील के नारायणपुर स्थित जिला परिषद प्राथमिक उर्दू शाला में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाई गई. कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई.
इस अवसर पर महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को याद करते हुए उनके सत्य, अहिंसा और असहयोग के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला गया. वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सत्य और अहिंसा को हथियार बनाकर देशवासियों को एकजुट किया तथा स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया. उनका त्याग, सत्याग्रह और देशसेवा आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है. वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा को भी याद किया गया. विद्यार्थियों को दोनों महान नेताओं के जीवन संघर्ष तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी गई. कार्यक्रम में मुख्याध्यापिका अस्मा परवीन, शिक्षक इद्रीस खान, शाहिद अली, शाला व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष इमरान मिर्जा सहित समिति के सदस्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई.





