मंगेश चिवटे को पुणे शिक्षक सीट से प्रत्याशी बनाए महायुती
पूर्व मंत्री व विधायक बच्चू कडू ने उठाई मांग, नेताओं के नाम लिखा पत्र

अमरावती /दि.3- शिंदे गुटवाली शिवसेना के विदर्भ विभागीय नेता एवं विधायक बच्चू कडू ने पुणे विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की आगामी चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर मंगेश चिवटे को महायुति की ओर से उम्मीदवार घोषित करने की मांग की है.
पूर्व मंत्री व विधायक बच्चू कडू ने इस संदर्भ में महायुती के नेताओं के नाम एक पत्र जारी करते हुए लिखा है कि, वे मंगेश चिवटे को पिछले कई वर्षों से व्यक्तिगत रूप से जानते हैं. रुग्ण सेवा और सामाजिक कार्यों के माध्यम से उन्होंने महाराष्ट्र में अपनी अलग पहचान बनाई है. उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता के लिए तत्पर रहना तथा किसी समस्या को हाथ में लेने के बाद उसके समाधान तक लगातार प्रयास करते रहना, चिवटे के कार्यशैली की विशेषता है.
पूर्व मंत्री व विधायक बच्चू कडू के अनुसार, शिक्षक समुदाय की समस्याओं को केवल मंचों पर उठाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें शासन और प्रशासन स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने तथा उनके समाधान के लिए सतत प्रयास करने वाले प्रतिनिधियों की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के विभिन्न मुद्दों पर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान खोजने की क्षमता रखने वाले लोगों को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए. इसी संदर्भ में विधायक बच्चू कडू ने महायुति नेतृत्व से आग्रह किया कि पुणे विभाग शिक्षक मतदारसंघ के लिए मंगेश चिवटे की उम्मीदवारी पर विचार किया जाए. उनके अनुसार, चिवटे का सामाजिक अनुभव और जनसंपर्क शिक्षकों के प्रश्नों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में उपयोगी साबित हो सकता है.





