8 दिन से लापता युवती तेलंगना में मिली
मोबाइल लोकेशन के आधार पर क्राइम ब्रांच ने लगाया सुराग

* अकेली ही युवती पहुंच गई थी तेलंगना, बयान लेना जारी
अमरावती/दि.5 – शहर के अंबादेवी मंदिर परिसर से 27 सितंबर को लापता हुई युवती का कोतवाली पुलिस ने 8 दिन बाद पता लगा लिया है. उसे तेलंगना से सकुशल अमरावती लाया गया है. पुलिस के मुताबिक वह अकेली ही तेलंगना में मिली. वह तेलंगना कैसे पहुंची, इस बाबत पुलिस युवती का बयान लेने में जुटी हुई है.
बता दें कि, बडनेरा शहर की रहने वाली इस युवती के लापता होने के बाद उसे लव जिहाद के तहत विशेष समुदाय के युवक द्वारा भगाकर ले जाने का आरोप किया गया था और भाजपा प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी ेसमेत कुछ लोगों ने कोतवाली पुलिस स्टेशन में ठिया आंदोलन कर युवती का पता लगाने और युवक पर कार्रवाई करने की मांग की थी. इसके बाद पुलिस ने लापता युवक के परिजनों से पूछताछ की है. इसके अलावा युवक और युवती के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, संपर्क में रहे लोगों और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास शुरु किया था. इस मामले में भाजपा प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी ने कुछ गंभीर आरोप लगाए थे. उनका दावा है कि युवती पर दबाव डालकर एक वीडियो बनवाया गया. कुलकर्णी के अनुसार, वीडियो में युवती कुछ बातें कहती दिखाई दे रही है और उसके हाथ पर बोलने के लिए कुछ बातें लिखी गई थीं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि युवती से स्टांप पेपर पर लिखवाकर शपथपत्र तैयार कराया गया है. उनका दावा है कि यह घटनाक्रम युवक के परिजनों को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद सामने आया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
* क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के दल ने लगाया सुराग
8 दिन से युवती लापता रहने के बाद कोतवाली थाने में भाजपा प्रवक्ता द्वारा किये गये ठिया आंदोलन के बाद जांच तेज की गई. क्राइम ब्रांच यूनिट-2 का दल भी इस प्रकरण की समांतर जांच कर रहा था. मोबाइल लोकेशन के आधार पर लापता युवती का लोकेशन तेलंगना मिला. इस आधार पर क्राइम ब्रांच के दल ने तेलंगना राज्य के एदिलाबाद पहुंचकर युवती को सकुशल अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस के मुताबिक वह अकेली ही थी. उसे लेकर पुलिस का दल अमरावती पहुंच गया. सोमवार को उसे पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे के समक्ष खडा किया गया. डीसीपी सोनवणे युवती का बयान ले रहे है.
* महिला दक्षता समिति के समक्ष बयान
8 दिन से लापता युवती सकुशल अमरावती लाने के बाद पुलिस आयुक्त कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष महिला दक्षता समिति के सदस्य बयान ले रहे हैं. समाचार लिखे जाने तक बयान लेना शुरु था.





