खेत में करंट लगने से व्यक्ति की मौत

परतवाडा थाना क्षेत्र के सावली दातुरा खेत शिवार की घटना

अमरावती/दि.5 – मके की फसल की सुरक्षा के लिए खेत के मेढ पर बिछाये गये विद्युत प्रवाहित तार का करंट लगने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई. मृतक का नाम अमोल राजाराम राउत (40) है. यह घटना परतवाडा थाना क्षेत्र के सावली दातुरा खेत शिवार में रविवार 4 अक्टूबर को घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक अचलपुर तहसील के एकलासपुर ग्राम निवासी मृतक अमोल राउत की पत्नी ने पुलिस में दर्ज की शिकायत में आरोप किया है कि, जलालपुर ग्राम निवासी संतोष भजनलाल इवानाते (44) ने सावली दातुरा खेत शिवार में अपने खेत की मके की फसल की सुरक्षा के लिए मेढ पर विद्युत प्रवाहित तार बिछाकर रखा था. इस तार कम्पाउंड पर एक बांबू को लाइट लगाकर रखा है. उस लाइट का वायर टूटकर नीचे गिरा हुआ था. उसमें विद्युत का प्रवाह रहने की जानकारी अमोल राउत को नहीं थी. अमोल राउत खेत के मेढ पर गया, तब उसे जोरदार बिजली का करंट लगा और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. शिकायत के आधार पर परतवाडा पुलिस ने खेत मालिक संतोष इवानाते के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button