नवरात्रि के लिए अमरावती पुलिस अलर्ट
जिले में 2,546 सार्वजनिक दुर्गोत्सव व शरदोत्सव मंडल

* 491 गांवों में ‘एक गांव, एक दुर्गा-शारदा’ की पहल
* शहर में मंगलवार को होगी प्रशासनिक अधिकारियों व मंडल पदाधिकारियों की बैठक
* कमर्शियल गरबा पर भी पुलिस की नजर
अमरावती/दि.6 – 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि उत्सव को देखते हुए अमरावती पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है. गणेशोत्सव के विसर्जन के तुरंत बाद अब नवरात्रि के लिए पुलिस और प्रशासन को कम समय में व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त करना होगा. जिले में इस वर्ष 2,546 से अधिक सार्वजनिक दुर्गोत्सव एवं शरदोत्सव मंडल सक्रिय रहने की संभावना है. ग्रामीण क्षेत्र में करीब 491 स्थानों पर ‘एक गांव, एक दुर्गा’ और ‘एक गांव, एक शारदा’ की संकल्पना लागू की जा रही है.
पुलिस प्रशासन के मुताबिक वर्ष 2025 में अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय के 10 थाना क्षेत्रों में कुल 585 सार्वजनिक शरदोत्सव एवं दुर्गोत्सव मंडल थे. वहीं ग्रामीण पुलिस के 31 थाना क्षेत्रों में 1,790 सार्वजनिक दुर्गोत्सव तथा 261 निजी शरदोत्सव मंडलों ने देवी प्रतिमाओं की स्थापना की थी.
* 395 गांवों में ‘एक गांव, एक दुर्गा’
ग्रामीण क्षेत्र में पिछले वर्ष 395 गांवों में ‘एक गांव, एक दुर्गादेवी मंडल’ की संकल्पना लागू की गई थी. इसके अलावा 96 गांवों में ‘एक गांव, एक शारदा देवी मंडल’ की पहल की गई. इसके माध्यम से गांवों में एकता और सामूहिक रूप से उत्सव मनाने का संदेश देने का प्रयास किया गया. पुलिस अधिकारियों का अनुमान है कि वर्ष-2026 में नवरात्रि उत्सव के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मंडलों की संख्या में वृद्धि हो सकती है. इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, विसर्जन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर पहले से तैयारी की जा रही है.
* बडनेरा में सबसे अधिक मंडल
शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नवरात्रि मंडलों की संख्या भी अलग-अलग है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बडनेरा थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 78 मंडल हैं. इसके बाद गाडगेनगर में 84, राजापेठ में 83, खोलापुरी गेट में 72, फ्रेजरपुरा में 68, वलगांव में 55, भातकुली में 40, सिटी कोतवाली में 23, नागपुरी गेट में 23 तथा नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र में भी नवरात्रि मंडल सक्रिय रहेंगे.
* शहर में आज प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक
नवरात्रि उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग ने 6 अक्टूबर को पुलिस आयुक्तालय में महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई. इसमें प्रशासन से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नवरात्रि मंडल के पदाधिकारी भी शामिल हुए. बैठक में सार्वजनिक उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंध और अन्य आवश्यक विषयों पर चर्चा हुई. ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की बैठकें उपविभागीय स्तर तथा संबंधित पुलिस थाना स्तर पर आयोजित की जाएंगी.
* छह स्थानों पर होगा कमर्शियल गरबा
नवरात्रि के दौरान शहर में कमर्शियल गरबा आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा. वर्ष 2025 में राजापेठ और सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में कुल छह स्थानों पर कमर्शियल गरबा आयोजित किया गया था. इनमें चार आयोजन राजापेठ थाना क्षेत्र तथा दो आयोजन सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए थे. इन आयोजनों में शुल्क देकर गरबा खेलने की व्यवस्था रहती है. इसके अलावा शहर में करीब 11 स्थानों पर स्थानीय स्तर पर नि:शुल्क गरबा आयोजित किए जाते हैं. इन आयोजनों को लेकर भी पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है.
* अंबादेवी-एकवीरा यात्रा पर भी रहेगी नजर
नवरात्रि के दौरान अमरावती के प्रसिद्ध अंबादेवी एवं एकवीरा देवी मंदिर संस्थान में यात्रा महोत्सव आयोजित होता है. इस दौरान अमरावती जिले के अलावा महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए शहर पहुंचते हैं. पिछले वर्ष यात्रा महोत्सव के दौरान 48 मंडलों ने अंबादेवी और एकवीरा देवी की प्रतिमाएं स्थापित की थीं. लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी की जा रही है. नवरात्रि के साथ ही गरबा आयोजनों और मंदिर परिसर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन भी बड़ी चुनौती रहेगी. इसी के मद्देनजर उत्सव शुरू होने से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.





