बडनेरा में देशी शराब दुकान के दोबारा खुलने पर मचा हंगामा
शेख कासीम नामक युवक की हत्या के बाद से बंद पडी थी दुकान

* दुकान के खुलने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने किया जमकर विरोध
* पहले 40-50 महिलाएं दुकान में घुसीं, बाद में पुरुषों के पहुंचने से बढ़ा तनाव
* सुचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया हस्तक्षेप, दुकान बंद कराई
अमरावती /दि.6- नई बस्ती बडनेरा के आठवडी बाजार परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज चौक के पास हत्या की घटना के बाद बंद पड़ी देशी शराब की दुकान मंगलवार को दोबारा खोले जाने से तनाव की स्थिति पैदा हो गई. दुकान खुलने की जानकारी मिलते ही मृतक शेख कासिम के परिजनों और परिचितों सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और दुकान तत्काल बंद करने की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया. इस दौरान पहले करीब 40 से 50 महिलाएं दुकान के भीतर पहुंच गईं. इसके बाद पुरुष भी मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. तनाव को देखते हुए आसपास की कुछ दुकानों को भी कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी देशी शराब की दुकान में अमरावती निवासी शेख कासिम की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद से श्रृंगारे नामक व्यक्ति की यह शराब दुकान लगातार बंद थी. बताया जाता है कि दुकान संचालक श्रृंगारे ने अब दुकान को ‘अण्णा’ नामक व्यक्ति को संचालन के लिए दे दिया था. इसी के बाद मंगलवार सुबह लंबे अंतराल के पश्चात दुकान दोबारा खोली गई. दुकान दोबारा खुलने की जानकारी मिलते ही शेख कासिम के परिजन और परिचित मौके पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते करीब 40 से 50 महिलाएं दुकान के भीतर पहुंच गईं और दुकान शुरू किए जाने का विरोध किया. महिलाओं ने दुकान तत्काल बंद करने की मांग की. कुछ देर बाद बड़ी संख्या में पुरुष भी मौके पर पहुंचे.
विरोध और भीड़ बढ़ने के कारण आठवडी बाजार परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई. एहतियात के तौर पर आसपास की कुछ दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें कुछ समय के लिए बंद कर दीं. घटना की जानकारी मिलते ही बडनेरा पुलिस का दल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शेख कासिम के संतप्त परिजनों और परिचितों से बातचीत की तथा उन्हें समझाकर शांत कराया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई.
इसी दौरान पुलिस ने संबंधित देशी शराब की दुकान भी बंद करा दी. इसके चलते लंबे समय के बाद दोबारा खुली शराब दुकान करीब एक-दो घंटे चलने के बाद फिर से बंद हो गई. हत्या की घटना के बाद उसी स्थान पर शराब दुकान दोबारा शुरू किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी दिखाई दी. फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में परिसर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.





