संगीता शिंदे ने शिक्षक सीट से भरा नामांकन

शिक्षण संघर्ष समिति की अध्यक्ष ने पेश की दावेदारी

* भाजपा-शिवसेना महायुति में बगावत के बीच चुनावी मुकाबला हुआ दिलचस्प
अमरावती/दि.6- अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में शिक्षण संघर्ष समिति की अध्यक्ष प्रा. संगीता शिंदे ने आज मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ विभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया. उन्होंने शिक्षण संघर्ष समिति की प्रत्याशी के रूप में शिक्षक विधायक पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की. नामांकन के दौरान संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
* भाभी डॉ. वसुधा बोंडे दिखी ननद संगीता शिंदे के साथ
संगीता शिंदे के नामांकन की खास बात यह रही कि उनके साथ उनकी भाभी और राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे की पत्नी डॉ. वसुधा बोंडे भी मौजूद थीं. दोनों के साथ दिखाई देने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा रही. एक ओर संगीता शिंदे ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी स्वतंत्र दावेदारी पेश की है, वहीं दूसरी ओर भाजपा से जुड़े डॉ. अनिल बोंडे परिवार की सदस्य डॉ. वसुधा बोंडे का नामांकन के समय उनके साथ रहना पारिवारिक संबंधों को रेखांकित करता है.
* महायुति के सामने बढ़ी चुनौती
अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार महायुति के भीतर भी अलग-अलग दावेदारों के नामांकन से मुकाबला बहुकोणीय होता दिखाई दे रहा है. भाजपा से जुड़े शेखर भोयर भी बागी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर चुके हैं. वहीं संगीता शिंदे ने शिक्षण संघर्ष समिति के बैनर तले मैदान में उतरकर अपनी दावेदारी कायम की है. इससे एक ही राजनीतिक खेमे से जुड़े दावेदारों के बीच मुकाबले की स्थिति बनती दिखाई दे रही है. हालांकि अंतिम तस्वीर नामांकन पत्रों की जांच और 9 अक्तूबर तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्तूबर को मतदान होना है.
* शिक्षकों के मुद्दों पर चुनाव लड़ने का दावा
प्रा. संगीता शिंदे लंबे समय से शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सक्रिय रही हैं और शिक्षण संघर्ष समिति का नेतृत्व कर रही हैं. नामांकन के दौरान समिति के पदाधिकारियों और समर्थकों की मौजूदगी से उनके संगठनात्मक आधार का प्रदर्शन भी हुआ.

Back to top button