कांशीरामजी के स्मृति दिवस पर 9 अक्टूबर को विदर्भ स्तरीय जनसभा

साइंस कोर ग्राउंड में शाम 4 बजे होगा आयोजन

* बीएसपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील डोंगरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
अमरावती /दि.8- बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीरामजी के स्मृति दिवस के अवसर पर बीएसपी के विदर्भ जोन की ओर से 9 अक्टूबर को अमरावती में विदर्भ स्तरीय जनसभा का आयोजन किया जाएगा. यह सभा शाम 4 बजे साइंसकोर मैदान में होगी. इसकी जानकारी बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट सुनील डोंगरे ने बुधवार को जिला मराठी पत्रकार संघ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
डोंगरे ने कहा कि कांशीरामजी ने उत्तर प्रदेश में सरकार बनाकर बहुजन समाज में राजनीतिक विश्वास पैदा किया. उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले, राजर्षि शाहू महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को देशभर में पहुंचाने का कार्य किया. जिला अध्यक्ष राजू गजभिये ने बताया कि जनसभा में अमरावती जिले के साथ ही विदर्भ के सभी 12 जिलों से बीएसपी के पदाधिकारी, नगरसेवक, विभिन्न भाईचारा समितियों के पदाधिकारी और महिला पदाधिकारी शामिल होंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं और बहुजन समाज से जुड़े पदाधिकारियों से बड़ी संख्या में उपस्थित रहने की अपील की.
* प्रदेश और केंद्रीय पदाधिकारी देंगे मार्गदर्शन
कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं पार्टी के सेक्टर प्रभारी राजारामजी, प्रदेश अध्यक्ष एड. सुनील डोंगरे, उत्तर प्रदेश सेक्टर इंचार्ज अत्तर सिंगराव, सेंट्रल स्टेट इंचार्ज दिनेश कुमार गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर दादाराव उइके और प्रदेश महासचिव मोहन रायकरवार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहकर मार्गदर्शन करेंगे. कार्यक्रम में औरंगाबाद के प्रबुद्ध विशाल मोरे एवं उनके समूह की प्रस्तुति के साथ प्रदेश सचिव दीपक पाटिल का गायन एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा. जनसभा की तैयारियों को लेकर सुरेश मेश्राम, वसंत धंदर, विनायक वीरघट, अनंतराव तायवाड़े, निलाताई भालेकर, इस्माइल लालूवाले, संजय मोहने, राहुल लांडगे, रामभाऊ पाटिल, गोपाल प्रधान, विद्या माटे, हर्षद शेलके, मनोज मेले, एड. संजय गाडगे, अब्दुल नफीज और सचिन वैद्य सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे हुए हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश उपाध्यक्ष दादाराव उइके, प्रदेश सचिव दीपक पाटिल, जिला अध्यक्ष राजू गजभिये, जिला उपाध्यक्ष सुरेश मेश्राम सहित बीएसपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Back to top button