नवरात्रि में रात 11 बजे तक होंगे अंबादेवी और एकवीरा देवी के दर्शन

दोनों मंदिरों में दर्शन के समय में एक घंटे की वृद्धि

* सुरक्षा के लिए 40 सीसीटीवी कैमरे और 30 सुरक्षाकर्मी तैनात
अमरावती/दि.10– शारदीय नवरात्रि उत्सव के दौरान अमरावती के प्रसिद्ध श्री अंबादेवी और श्री एकवीरा देवी मंदिरों में इस वर्ष भक्तों को एक घंटे अधिक समय तक दर्शन करने का अवसर मिलेगा. मंदिर संस्थान ने नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन के समय में बदलाव किया है. अब दोनों मंदिर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक खुले रहेंगे. इसके बाद रात 11 बजे से 12.30 बजे तक देवी की शेजारती और अन्य धार्मिक विधियां संपन्न की जाएंगी. इसके बाद मंदिर बंद कर दिए जाएंगे.
* सुबह 4 बजे से शुरू होंगी धार्मिक विधियां
मंदिर प्रशासन के मुताबिक रात में मंदिर बंद होने के बाद सुबह करीब 4 बजे से सफाई, अभिषेक, श्रृंगार और मंगल आरती की तैयारियां शुरू होंगी. सभी धार्मिक विधियां पूरी होने के बाद सुबह 6 बजे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार खोल दिए जाएंगे. पिछले वर्ष नवरात्रि के दौरान मंदिर रात 10 बजे तक खुले रहते थे. इस वर्ष दर्शन का समय एक घंटा बढ़ाए जाने से श्रद्धालुओं को माता के दर्शन के लिए अधिक समय मिल सकेगा.
* रविवार से शारदीय नवरात्रि उत्सव का शुभारंभ
शारदीय नवरात्रि उत्सव का शुभारंभ रविवार 11 अक्टूबर से होगा. सुबह 4.30 बजे रवींद्र कर्वे के हाथों घटस्थापना की जाएगी. सुबह 8.30 बजे डॉ. जयंत पंढरीकर सप्तशती पाठ की वर्णी और ध्वजारोहण करेंगे. नवरात्रि के दौरान श्री अंबादेवी मंदिर के कीर्तन हॉल में सचिन देव महाराज के प्रवचन का आयोजन भी किया जाएगा. उत्सव के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
* महिलाओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था
नवरात्रि के दौरान देवी के दर्शन के लिए आने वाली महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर संस्थान ने विशेष व्यवस्था की है. मंदिर में भीड़ बढ़ने के कारण देवी के समक्ष ओटी भरने वाली महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं को दर्शन में परेशानी होती है. इसे देखते हुए संस्थान ने मंदिर परिसर में अन्य स्थानों पर देवी की तस्वीर के सामने दर्शन की व्यवस्था की है, ताकि भीड़ का दबाव कम किया जा सके और श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकें.
* अंबादेवी मंदिर में 17 घंटे तक दर्शन
श्री अंबादेवी मंदिर संस्थान के सचिव डॉ. जयंत पंढरीकर ने बताया कि इस वर्ष मंदिर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहेगा. इस तरह श्रद्धालु प्रतिदिन करीब 17 घंटे तक दर्शन कर सकेंगे. नवरात्रि उत्सव के दौरान भक्तों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.
* एकवीरा देवी मंदिर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम
श्री एकवीरा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. मंदिर परिसर में 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा सुरक्षा के लिए 30 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं. इस वर्ष कतारों के बीच की दूरी भी बढ़ाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने और दर्शन करने में परेशानी न हो. मंदिर संस्थान ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

Back to top button