अकोला में दुकान से 62 कोयते जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

नाकाबंदी में एक कोयते के साथ दो युवक पकड़े गए

प्रिंस हार्डवेयर से हथियारों का जखीरा बरामद, 62,600 रुपये का माल जब्त
अकोला /दि.12- अकोला शहर में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने कोयते के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया. पूछताछ के आधार पर शालिनी टॉकीज के सामने स्थित लोहा बाजार के प्रिंस हार्डवेयर पर छापा मारकर 62 लोहे के कोयते जब्त किए. इस मामले में दुकान मालिक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
10 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे सरकारी बगीचे के सामने नाकाबंदी के दौरान शहर यातायात शाखा के पुलिस कांस्टेबल भूषण सोळंके और पुलिस हवलदार अश्विन चव्हाण ने बिना नंबर प्लेट की सुजुकी एक्सेस मोपेड को रोका. तलाशी में डिक्की से एक कोयता बरामद हुआ. वाहन पर सवार पुराना शहर निवासी मुजम्मिल खान यूनुस खान (23) तथा नेहरूनगर निवासी सैय्यद फिरोज सैय्यद जानी (26) से पूछताछ करने पर उन्होंने कोयता लोहा बाजार की एक दुकान से खरीदने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस निरीक्षक संजय गवई और पुलिस निरीक्षक विलास पाटील की टीम ने प्रिंस हार्डवेयर की तलाशी ली. दुकान मालिक आरिफ अहमद खान उमर खान (52) की दुकान से एक बोरी में रखे 62 लोहे के कोयते बरामद हुए. पुलिस ने दुकान से 12,400 रुपये कीमत के 62 कोयते तथा मुजम्मिल खान के पास से 200 रुपये का एक कोयता और 50 हजार रुपये कीमत की मोपेड जब्त की. कुल 63 कोयते और एक मोपेड सहित 62,600 रुपये का माल जब्त किया गया है. पुलिस कांस्टेबल भूषण सोलंके की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 4, 25 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत सिटी कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटील के मार्गदर्शन में की गई.

Back to top button