अकोला में रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किए 350 नकली बुलेट साइलेंसर

यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 ‘दादा’, ‘भाऊ’, ‘काका’, ‘मामा’ लिखी 70 फैंसी नंबर प्लेटें भी नष्ट
अकोला /दि.10- बुलेट मोटरसाइकिलों में तेज आवाज करने वाले नकली साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ अकोला यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. विशेष अभियान के दौरान जब्त किए गए 350 नकली बुलेट साइलेंसर और 70 फैंसी नंबर प्लेटों को रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया. शुक्रवार 9 अक्टूबर को दोपहर 3.45 बजे शहर यातायात नियंत्रण शाखा परिसर में पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई.
अकोला जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक की पहल और मार्गदर्शन में शहर यातायात नियंत्रण शाखा सहित जिले के विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था. इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिलों में लगाए जाने वाले तेज आवाज के नकली साइलेंसर पुलिस के निशाने पर रहे. इन साइलेंसरों से पटाखों जैसी तेज आवाज निकलती है, जिससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ने के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है. विशेष रूप से बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों, छोटे बच्चों और विद्यार्थियों को इस तेज आवाज का सामना करना पड़ता है. इस संबंध में नागरिकों की शिकायतें भी यातायात नियंत्रण शाखा को मिली थीं. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की.
* 350 साइलेंसर और 70 फैंसी नंबर प्लेटें जब्त
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 350 नकली बुलेट साइलेंसर जब्त किए. इसके अलावा वाहनों पर ‘दादा’, ‘भाऊ’, ‘काका’ और ‘मामा’ जैसे शब्द लिखी 70 फैंसी नंबर प्लेटें भी जब्त की गईं. पुलिस ने जब्त साइलेंसर और नंबर प्लेटों को नष्ट करने के लिए न्यायालय से अनुमति प्राप्त की. इसके बाद 9 अक्टूबर को पुराने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने स्थित मुख्य सड़क पर शहर यातायात नियंत्रण शाखा के परिसर में रोड रोलर चलाकर इन्हें नष्ट कर दिया गया.
* मूल साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें वाहन चालक
पुलिस प्रशासन ने बुलेट मोटरसाइकिल चालकों से कंपनी द्वारा वाहन के साथ दिए गए मूल साइलेंसर का ही इस्तेमाल करने की अपील की है. मोटरसाइकिल में तेज आवाज वाला नकली साइलेंसर लगा हुआ पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, ऐसे साइलेंसर जब्त भी किए जाएंगे.
* यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने जिले के नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और अपने वाहन पर लंबित जुर्माने का तत्काल भुगतान करने की अपील की है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा. इस कार्रवाई से तेज आवाज वाले नकली साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को सख्त संदेश दिया गया है.

Back to top button