बेलपुरा में युवक पर हमले के बाद राडा
पार्षद राधा कुरिल के घर के सामने देर रात वारदात

तलवार, कुल्हाड़ी और डंडे लेकर पहुंचे लोग, कमांडो पुलिस तैनात
अमरावती/दि.12 – शहर के बेलपुरा इलाके में रविवार 11 अक्टूबर की रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान निखिल उदयकर नामक युवक पर हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद उस समय तनाव बढ़ गया, जब कुछ लोग तलवार, कुल्हाड़ी और डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए. स्थिति को देखते हुए राजापेठ पुलिस ने घटनास्थल पर कमांडो पुलिस तैनात की.
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 11 बजे बेलपुरा में पार्षद राधा कुरिल के निवास के सामने दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और निखिल उदयकर पर हमला कर दिया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
* हथियार लेकर पहुंचने से बढ़ा तनाव
युवक पर हमले के बाद मामला और गंभीर हो गया. आरोप है कि कुछ लोग तलवार, कुल्हाड़ी और डंडे लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए. हथियारों के साथ लोगों को देखकर परिसर में दहशत फैल गई. आसपास के नागरिकों में भी चिंता का माहौल बन गया. घटना के समय इलाके में दुर्गा देवी मंडलों की स्थापना की तैयारियां चल रही थीं. ऐसे में इस घटना से कुछ समय के लिए अफरातफरी मच गई.
* पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही राजापेठ पुलिस थाने के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति का जायजा लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए. तनाव को देखते हुए कमांडो पुलिस को भी तैनात किया गया, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.
* सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात से संबंधित दृश्य कैद हुए हैं. पुलिस फुटेज की जांच कर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. साथ ही विवाद की शुरुआत और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. राजापेठ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद परिसर में सतर्कता बढ़ा दी गई है.





