बूचडखाना जा रहे 16 गोवंश को पुलिस ने दिया जीवनदान

ग्रामीण अपराध शाखा की करजगांव में कार्रवाई

फोटो- गोवंश नाम से पंड्या मेल पर
5.44 लाख रुपए का माल जब्त
अमरावती /दि.13- जिले में मवेशियों की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अमरावती ग्रामीण पुलिस की अपराध शाखा ने करजगांव में छापेमारी कर वध के लिए बांधकर रखे गए 16 मवेशियों को मुक्त कराया. इस कार्रवाई में कुल 5 लाख 44 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है. मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों के नाम शेख जहीर शेख अजीज, शेख रईस शेख अजीज, शेख जावेद शेख सलीम, जहीर खान हसन खान उर्फ पुंगी, शेख हसन नासिर है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार जिले में मवेशियों के अवैध परिवहन, कटाई के उद्देश्य से उनकी आवाजाही और पशुओं के साथ होने वाली क्रूरता पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय अपराध शाखा को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे. शिरजगांव पुलिस थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान ग्रामीण अपराध शाखा की टीम को गोपनीय जानकारी मिली कि करजगांव स्थित एक टिन शेड में चोरी के मवेशियों को बेरहमी से बांधकर वध के लिए रखा गया है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दल ने संबंधित स्थान पर छापा मारा. इस दौरान टिन शेड में कुल 16 मवेशी बेरहमी से बंधे हुए मिले. पुलिस ने तत्काल सभी मवेशियों को मुक्त कराया. कार्रवाई में लगभग 5 लाख 43 हजार रुपये कीमत के 16 मवेशी और एक हजार रुपये कीमत का तराजू, इस प्रकार कुल 5 लाख 44 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया.
* मवेशियों को गौरक्षण केंद्र भेजा
रेस्क्यू किए गए सभी मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उनके चारे, पानी, दवाइयों और देखभाल की व्यवस्था की गई. पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षा के लिए बहिराम स्थित पशुपतिनाथ गौरक्षण केंद्र में पहुंचाया.
* पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों के नाम शेख जहीर शेख अजीज, शेख रईस शेख अजीज, शेख जावेद शेख सलीम, जहीर खान हसन खान उर्फ पुंगी, शेख हसन नासिर है. आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम की धारा 5, 5(बी), 9 और 9(ए), तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(डी) और 11(1)(एफ) के तहत शिरजगांव पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. मामले की आगे की जांच शिरजगांव पुलिस कर रही है.

Back to top button