अमरावती के वैज्ञानिक प्रो. महेंद्र कुमार राय का विश्व स्तर पर डंका
सातवीं बार दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में स्थान

460 शोध पत्र, 80 पुस्तकें और 7 पेटेंट उनके नाम
अमरावती/दि.15 – संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. महेंद्र कुमार राय ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमरावती का नाम रोशन किया है. उन्हें दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में सातवीं बार स्थान मिला है. नैनोसाइंस और नैनोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय शोध कार्यों के लिए उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है. स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय ने हाल ही में स्कोपस साइटेशन डेटा के आधार पर दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची जारी की है. यह सूची एल्सेवियर में प्रकाशित हुई है. इस प्रतिष्ठित सूची में प्रो. राय का सातवीं बार शामिल होना उनके निरंतर वैज्ञानिक अनुसंधान और शोध कार्यों की वैश्विक पहचान को दर्शाता है.
* 460 शोध पत्र, 80 पुस्तकें और सात पेटेंट
प्रो. महेंद्र कुमार राय का शैक्षणिक और शोध कार्यों का रिकॉर्ड उल्लेखनीय है. उनके नाम अब तक 460 शोध पत्र, 80 पुस्तकें और सात पेटेंट दर्ज हैं. माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी तथा नैनोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनके गूगल स्कॉलर प्रोफाइल के अनुसार, उनके शोध कार्यों को अब तक 51,181 साइटेशन मिल चुके हैं. उनका एच-इंडेक्स 97 और आई10-इंडेक्स 422 है. ये आंकड़े वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उनके व्यापक योगदान और उनके शोध कार्यों की स्वीकार्यता को दर्शाते हैं.
* जीव विज्ञान और जैव रसायन में भारत में छठा स्थान
जीव विज्ञान एवं जैव रसायन के क्षेत्र में प्रो. महेंद्र कुमार राय वर्तमान में भारत में छठे स्थान पर हैं. वैज्ञानिक अनुसंधान, शैक्षणिक उत्कृष्टता और नवाचार के क्षेत्र में उनका निरंतर योगदान उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिला रहा है. प्रो. राय की यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय और अमरावती के शोध समुदाय के लिए भी गौरव का विषय है. उनकी सफलता से युवा शोधकर्ताओं को विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी.





