सपने बड़े रखें, उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी कायम रखें
प्रधानमंत्री मोदी का एशियाई खेलों के पदक विजेताओं से दिल्ली में संवाद

महिला हॉकी टीम के 44 साल बाद स्वर्ण जीतने पर जताई खुशी, 2036 ओलंपिक की मेजबानी का संकल्प दोहराया
नई दिल्ली /दि. 16– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण हैं कि जुनून को विजय में कैसे बदला जा सकता है. उन्होंने कहा कि भारत के सपने बड़े हैं और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास आज देश के प्रत्येक नागरिक में है. एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उनके परिश्रम, धैर्य और निरंतर प्रयासों की सराहना की.
जापान में आयोजित एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों ने नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से पुरुष और महिला, दोनों हॉकी टीमों के एक ही प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने महिला हॉकी टीम की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि 1982 के बाद 44 वर्षों के अंतराल पर एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर खिलाड़ियों ने लंबा इंतजार समाप्त किया है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने प्रतियोगिता में कुल 85 पदक जीते, जिनमें 11 स्वर्ण पदक शामिल हैं. महिला खिलाड़ियों के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धियां देश के लिए गर्व का विषय हैं. उन्होंने 17 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ियों के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है. दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं. उन्होंने ने कहा कि बड़े संकल्प एक रात में पूरे नहीं होते. उनके लिए वर्षों तक धैर्य बनाए रखना और लगातार परिश्रम करना पड़ता है. खिलाड़ियों की उपलब्धियां इसी समर्पण और अनुशासन का परिणाम हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से अपने लक्ष्य ऊंचे रखने और उन्हें प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया.
* 2036 ओलंपिक की मेजबानी का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने के भारत के संकल्प को भी दोहराया. उन्होंने कहा कि देश के सपने और संकल्प बड़े हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी प्रत्येक भारतीय के पास है. इसी विश्वास के आधार पर उन्होंने भरोसा जताया कि भारत वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों का सफल आयोजन करेगा. इस कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल राज्यमंत्री रक्षा खड़से, खेल सचिव हरिरंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी. टी. उषा तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
* खिलाड़ियों ने भेंट की अपने खेल से जुड़ी विशेष वस्तुएं
– अमरावती की खिलाड़ी कुमकुम मोहोड़ ने मोदी को किया तीर-कमान भेंट
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने उन्हें अपने-अपने खेल से जुड़ी विशेष वस्तुएं भेंट कीं. पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली जर्सी और हॉकी स्टिक प्रदान की. लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने वाली क्रिकेट टीम ने प्रधानमंत्री मोदी को जर्सी भेंट की. तीरंदाजी में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाली अमरावती की खिलाड़ी कुमकुम मोहोड़ ने प्रधानमंत्री मोदी को तीर-कमान भेंट किया. वहीं, स्वर्ण पदक विजेता गोल्फ खिलाड़ी प्रणवी उर्स ने गोल्फ की गेंद और दस्तानों को फ्रेम करवाकर प्रधानमंत्री मोदी को भेंट किया. खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों और मुलाकात ने भारतीय खेल जगत की बढ़ती क्षमता तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के शानदार प्रदर्शन को रेखांकित किया. प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों की सफलता को देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया.





