‘उड़ान’ योजना के तहत अमरावती-पुणे और सोलापुर-मुंबई हवाई मार्गों का चयन

केंद्रीय विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने एक्स पर की घोषणा

 प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू हो सकती है विमान सेवा
अमरावती/दि. 16 – महाराष्ट्र में क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उड़ान’ योजना के तहत अमरावती-पुणे और सोलापुर-मुंबई, इन दो नए हवाई मार्गों का चयन किया गया है. केंद्रीय विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से इसकी जानकारी दी. इन मार्गों के चयन से अमरावती सहित विदर्भ के यात्रियों को पुणे और सोलापुर के यात्रियों को मुंबई से सीधे हवाई संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में रास्ता खुला है. हालांकि, इन मार्गों पर नियमित व्यावसायिक विमान सेवा शुरू होने के लिए आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होना बाकी है.
* महाराष्ट्र को चार मार्गों और दो हवाई अड्डों का अवसर
संशोधित ‘उड़ान’ योजना के नियमों के तहत प्रत्येक राज्य को चार हवाई मार्ग और दो हवाई अड्डे प्रस्तावित करने का अवसर दिया गया है. महाराष्ट्र सरकार की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों में अमरावती-पुणे और सोलापुर-मुंबई हवाई मार्गों का चयन किया गया है. इस निर्णय को राज्य के क्षेत्रीय हवाई संपर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब इन मार्गों पर विमान सेवा शुरू करने के लिए आगे की प्रक्रियाओं पर नजर रहेगी.
* यात्रियों का समय बचेगा, कारोबार को मिल सकती है गति
अमरावती विदर्भ का प्रमुख शैक्षणिक, कृषि और व्यापारिक केंद्र है, जबकि पुणे शिक्षा, उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखता है. अमरावती और पुणे के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, कारोबारियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है. इसी तरह, सोलापुर कपड़ा उद्योग, व्यापार और धार्मिक पर्यटन के लिए जाना जाता है. सोलापुर-मुंबई हवाई संपर्क से व्यापारियों और यात्रियों को लाभ मिल सकता है. दोनों मार्गों पर विमान सेवा शुरू होने से यात्रा का समय घटने के साथ संबंधित क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है.

Back to top button