भातकुली में 3,489 किसानों की ई-केवाईसी पूरी
पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना के पात्र लाभार्थियों को राहत

फार्मर आईडी बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर पहल
अमरावती/दि.17 – पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना के तहत भातकुली तहसील में पात्र लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी करने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं. राजस्व, कृषि, ग्राम विकास और सहकारिता विभाग के संयुक्त प्रयासों से अब तक 3,489 लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी कर ली गई है.
जिलाधिकारी आशिष येरेकर के मार्गदर्शन में पात्र लाभार्थियों की फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. इसके लिए ग्राम राजस्व अधिकारियों के माध्यम से किसानों को संबंधित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) तक ले जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है. प्रशासन का उद्देश्य पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी करना है.
* मृत लाभार्थियों के वारिसों को प्रमाणपत्र
योजना के कुछ लाभार्थियों की मृत्यु हो चुकी है. ऐसे मामलों में कर्जमाफी की प्रक्रिया पूरी करने के लिए तहसील कार्यालय के माध्यम से वारिस प्रमाणपत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने शेष पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे बिना देरी किए अपनी ई-केवाईसी पूरी कराएं, ताकि योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी तरह की बाधा न आए.
* चार विभागों के संयुक्त प्रयास
भातकुली तहसील में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्व, कृषि, ग्राम विकास और सहकारिता विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं. प्रशासन की इस पहल से पात्र किसानों की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने में सहायता मिल रही है. ई-केवाईसी, फार्मर आईडी या योजना से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए लाभार्थी तहसील कार्यालय, कृषि कार्यालय, पंचायत समिति अथवा निबंधक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.





