अज्ञात वाहन की टक्कर से 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
मुर्हा फाटा के पास हादसा, टक्कर मारकर चालक वाहन समेत फरार

* चिंचोली रहीमापुर पुलिस जांच में जुटी
अंजनगांव सुर्जी /दि.17 – अंजनगांव सुर्जी निवासी 68 वर्षीय रमेश शिवचरण येवकर की दर्यापुर मुख्य मार्ग पर मुर्हा फाटा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई. बुधवार 14 अक्टूबर की शाम करीब 6.30 बजे हुए इस हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी समेत फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही चिंचोली रहीमापुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की.
जानकारी के मुताबिक नवरात्रि के अवसर पर रमेश येवकर मुहादेवी के दर्शन करने गए थे. दर्शन के बाद वह पैदल अंजनगांव की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान मुर्हा फाटा के पास पीछे से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके पर रुके बिना गाड़ी लेकर फरार हो गया. सूचना मिलने पर चिंचोली रहीमापुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अंजनगांव के ग्रामीण अस्पताल भेज दिया.
* परिवार में शोक का माहौल
मृतक रमेश शिवचरण येवकर के परिवार में उनके दो भाई अरुण और संजय येवकर तथा दो बहनें हैं. इस हादसे से परिवार में शोक का माहौल है. चिंचोली रहीमापुर पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.





