युवा स्वाभिमान पार्टी के भव्य पदग्रहण समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया प्रवेश
विधायक रवि राणा के हाथों पंकज उर्फ राजा बांगे को अमरावती शहराध्यक्ष पद का नियुक्ति पत्र प्रदान

अमरावती/दि.17- युवा स्वाभिमान पार्टी का भव्य पदग्रहण एवं पक्ष प्रवेश समारोह शुक्रवार को हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर महाराष्ट्र विधानसभा आश्वासन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक रवि राणा के हाथों पंकज उर्फ राजा बांगे को पार्टी के अमरावती शहराध्यक्ष पद का नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. समारोह के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने युवा स्वाभिमान पार्टी में प्रवेश किया.
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रवि राणा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपने पद का उपयोग जनता की सेवा के लिए करने और पार्टी का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि संगठन में पद मिलने के साथ ही जनसेवा की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है. पदाधिकारियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करना चाहिए. वहीं, नवनियुक्त अमरावती शहराध्यक्ष पंकज उर्फ राजा बांगे ने विधायक रवि राणा द्वारा जताए गए विश्वास को सार्थक करने का संकल्प व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि वे जनता की सेवा को प्राथमिकता देते हुए पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे.
* विभिन्न पदाधिकारियों की नियुक्तियां
इस अवसर पर महानगर प्रमुख नितीन बोरेकर, प्रदेश प्रवक्ता बालू इंगोले तथा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुप अग्रवाल सहित विभिन्न आघाड़ियों के पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी की गईं. समारोह में युवा स्वाभिमान पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और सैकड़ों लोगों के पक्ष प्रवेश के चलते कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.





