धानोरा में खेतिहर मजदूर की सर्पदंश से मौत

मोर्शी तहसील की घटना

मोर्शी/दि.17 – मोर्शी तहसील के धानोरा ग्राम में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की सर्पदंश से मृत्यु हो गई. यह व्यक्ति सांप दिखते ही उसे मारने का प्रयास कर रहा था. तब यह घटना घटित हुई. मृतक मजदूर का नाम शिवचरण गोविंदसिंग युवनाते (45) है.
जानकारी के मुताबिक धानोरा गांव मोर्शी से लगभग छह किलोमीटर दूर स्थित है और यहां आदिवासी समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं. 15 अक्टूबर को शिवचरण खेत में काम करने के बाद घर लौटा था. इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि गांव के मंगल सिंह सलामे के घर में करीब चार फुट लंबा सांप घुस गया है. सांप को पकड़ने और मारने के इरादे से शिवचरण मौके पर पहुंचा. बताया जाता है कि सांप एक बिल में घुस गया था. शिवचरण ने उसे बाहर निकालने के लिए बिल में झांककर देखने का प्रयास किया. इसी दौरान सांप अचानक बाहर आया और उसने शिवचरण को डस लिया. सर्पदंश के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी. घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल मोर्शी के उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. 16 अक्टूबर को उपजिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शिवचरण की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं. पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है.

Back to top button