कांग्रेस की प्रो. अदिति पोहरे के प्रचारार्थ आज शिक्षकों की रैली
पंचवटी चौक स्थित मेडिकल कॉलेज के सभागार में शाम 5.30 बजे होगा आयोजन

अमरावती/दि.17– अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की आधिकारिक उम्मीदवार प्रो. अदिति पोहरे के प्रचारार्थ शनिवार 17 अक्टूबर को भव्य शिक्षक रैली का आयोजन किया गया है. यह कार्यक्रम शाम 5.30 बजे डॉ. पंजाबराव देशमुख मेडिकल कॉलेज के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागार, पंचवटी चौक, मोर्शी रोड, अमरावती में होगा.
अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित इस रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. इसके अलावा युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, शिक्षक सेल सहित विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पूर्व नगरसेवक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे.
* शिक्षक मतदाताओं से संपर्क की अपील
अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने वार्डों में शिक्षक मतदाताओं से संपर्क करने तथा उन्हें रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने की अपील की है. उन्होंने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अधिक से अधिक मतदाताओं से इस कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया है.





