वाघोली में घर में सो रहे भाई-बहन को सांप ने काटा, दोनों आईसीयू में भर्ती

अमरावती/दि.8– नांदगांव पेठ के पास वाघोली गांव में रविवार रात घर में सो रहे छह वर्षीय परी और उसके 9 वर्षीय भाई पवन को जहरीले सांप ने काट लिया. दोनों की हालत गंभीर है और उन्हें इर्विन अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है. घटना के बाद से परिवार के साथ ही पूरे गांव में चिंता का माहौल है.
रविवार रात करीब 12.30 बजे परी के रोने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जागे. मां ने परी को देखा तो उसके हाथ और कान पर सांप के काटने के निशान दिखाई दिए. परिवार ने तत्काल उसे इरविन अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया. इसी दौरान सुबह करीब 3.30 बजे पवन को उल्टी हुई. जांच करने पर उसके पैर पर भी सांप के काटने के निशान मिले. इसके बाद सुबह करीब 5 बजे पवन को भी इर्विन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है.
* पिता सूरत में, सूचना मिलते ही अमरावती के लिए रवाना
बच्चों के पिता अरुण चव्हाण तीन दिन पहले काम के सिलसिले में सूरत गए थे. घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें सूचित किया गया, जिसके बाद वे सूरत से अमरावती के लिए रवाना हो गए हैं.
* आईसीयू के बाहर ग्रामीणों की भीड़
भाई-बहन को सांप के काटने की खबर फैलते ही वाघोली गांव में चिंता की लहर दौड़ गई. सोमवार सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इरविन अस्पताल के आईसीयू के बाहर जमा हैं. ग्रामीण दोनों बच्चों के जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं. बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलेश पवार ने बताया कि परी को आवश्यक उपचार दिया जा रहा है, लेकिन उसके कान पर भी सांप के काटने का निशान है. पवन को देर से पता चला कि उसे सांप ने काटा है, इसलिए उसे बाद में अस्पताल लाया गया. दोनों की हालत गंभीर है और चिकित्सकीय टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है.

Back to top button