20 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, 12 धरे गये

19.20 लाख रुपए का माल जब्त

* मोर्शी पुलिस की जुआ अड्डे पर कार्रवाई
मोर्शी /दि.15- मोर्शी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम उदखेड क्षेत्र में संचालित एक जुआ अड्डे पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मौके से जुआ खेल रहे 12 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि कुल 20 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. इस कार्रवाई में नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन समेत 19 लाख 20 हजार 750 रुपये का माल जब्त किया गया.
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक राहुल आठवले के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण पथक द्वारा की गई. गोपनीय जानकारी मिली थी कि ग्राम उदखेड के एक खेत में अवैध रूप से जुआ खेला जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारकर जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी, विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, मोटरसाइकिलें, एक सफेद रंग की कार तथा जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की. जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 19.20 लाख रुपये आंकी गई है. कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोर्शी निवासी यश अनिल बागडे (24), आकाश दीपक खराले (29), विशाल बलराम धुर्वे (24), दीपरंजित बजरंगसिंग गहरवाल (40), परवेज शेख याकुब शेख (25), महेश रमेशराव बानाईत (38), अब्दूल नदीम अब्दूल नबी (38), शेख समीर शेख सलीम (26), कुर्‍हा निवासी मो. शहबाज शेख मेहबुब पटेल (49), जहीर खान हुसैन खान (40), अनिल गुलाबराव पाटिल (50) और अमरावती निवासी अब्दूल एजाज अब्दूल अजीम (47) है. इस मामले में आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 12(अ) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड तथा मोर्शी उपविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक तुषार चव्हाण सहित अपराध प्रकटीकरण पथक के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में जुआ, सट्टा या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे गैरकानूनी धंधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

Back to top button