कलमजापुर शिवार में गाज गिरने से एक महिला मजदूर की मौत

6 महिला गंभीर रुप से घायल, चांदूर रेलवे तहसील की घटना

चांदूर रेल्वे/दि.27 – शुक्रवार 26 जून को चांदूर रेल्वे तहसील के कलमजापूर गांव में तेज आंधी और बारिश के दौरान खेत में काम कर रही कुछ मजदूर महिलाओं पर गाज गिर गई. इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
मृतक की पहचान सुनंदा नरेश सहारे (37), निवासी कलमजापूर के रूप में हुई है. वहीं सुचिता नितेश उगले (35), राजकन्या पारिसे (40), प्रिया डोंगरे (27), लक्ष्मी रंगारी (33), पुष्पा केवट (50) और उज्वला भालेकर (38) नामक महिलाएं बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें तत्काल उपचार के लिए ग्रामीण अस्पताल, चांदूर रेल्वे में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना से गांव में शोक का माहौल है. तेज बारिश और गाज गिरने के कारण हुए इस हादसे से ग्रामीणों में भी दहशत का वातावरण है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और खेतों में जाने से बचने की अपील की है.
खेत में काम कर रही महिलाओं पर गाज गिरने की जानकारी कलमजापुर ग्रामवासियों को मिली, तब ग्रामवासी बडी संख्या में घटनास्थल की तरफ दौड पडे. उन्होंने घायलों को तत्काल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही चांदूर रेल्वे पुलिस का दल भी घटनास्थल आ पहुंचा. पश्चात मंडल अधिकारी नीलेश स्थुल ने भी घटनास्थल पहुंचकर वहां का जायजा किया. इस घटना से संपूर्ण तहसील में हडकंप मच गया है.

* मृतक व घायलों को मिलेगी सहायता
मृतक महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए पंचनामा कर अस्पताल भेज दिया गया था. सभी घायलों पर ग्रामीण अस्पताल में उपचार जारी है. शासन के निर्देश के मुताबिक सोमवार से प्रक्रिया चलाकर उन्हें सहायता दिलवाने की प्रक्रिया शुरु है.
– पूजा माटोडे,
तहसीलदार, चांदूर रेलवे.

Back to top button