वडाली में लावारिस मिला शराब लदा ट्रक ‘’
फ्रेजरपुरा पुलिस ने किया जब्त

* कहा गया- लोगों ने पार कर दी 70-80 पेटियां
* मौके से चालक और खलासी फरार
अमरावती /दि.24– फ्रेजरपुरा थाना अंतर्गत वडाली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरूवार दोपहर शराब लदा ट्रक लावारिस अवस्था में मिलने से वहां से गुजरते लोगों ने पेटियों की लूटपाट की. खबर मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस पहुंची और ट्रक को जब्त किया. अंदाज है कि तब तक लोगबाग करीब 3 लाख रूपए मूल्य की 70-80 पेटियां लूट ले गये थे. पुलिस ने दावा किया कि मौके से ट्रक के चालक और खलासी नदारद थे. पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी है.
जानकारी के अनुसार गुरूवार दोपहर 4 बजे पुलिस को खबर लगी कि वडाली से सटे हाईवे पर ट्रक खडा है. लोग इस ट्रक से शराब की बोतलों की पेटियां लूट रहे हैं. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. लोग पुलिस को देखते ही पेटियां ट्रक में फेंककर भाग गये. पुलिस ने चालक और खलासी को देखा. काफी देर तक नहीं मिले. फिर खलासी सामने आया. उसने दावा किया कि चालक ट्रक के केबिन में ही सो रहा था. अभी उसका अता पता नहीं है.
पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालक को बुलाया. कंपनी के अधिकारी और कर्मी गुरूवार रात 10 बजे के करीब फ्रेजरपुरा थाने पहुंचे. माल देखने पर बताया गया कि लगभग 80 पेटी देशी शराब गायब है. जिसका मूल्य तीन लाख रूपए बताया गया. पुलिस ने आबकारी विभाग को इस बारे में जानकारी दी.





