महानुभाव पंथ की मुख्य देवपूजा में उमडा आस्था का सैलाब

संपूर्ण राज्यभर से आए 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

* श्रद्धालुओं की उपस्थिति से संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा
अमरावती/दि.21– स्थानीय कंवर नगर स्थित सुप्रसिद्ध महानुभाव आश्रम में महानुभाव पंथ के गुरु बिडकर परिवार की ओर से भव्य मुख्य देवपूजा का आयोजन किया गया था. इस विशेष धार्मिक आयोजन के अवसर पर सुबह से ही आश्रम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड पडा. राज्यभर के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया.
सुबह पूजा एवं कथन के पश्चात मुख्य धार्मिक विधियों का शुभारंभ हुआ. महानुभाव आश्रम के महंत प.पू. मोहनदादा कारंजेकर बाबा के करकमलों से विधिवत पूजन किया गया. इसके बाद उपस्थित सभी महंतों का पूजन तथा महाआरती संपन्न हुई. महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रारंभ किए गए. इस पावन अवसर पर अमरावती जिले से ही नहीं, बल्कि पूरे राज्यभर से श्रद्धालु पहुंचे. जिसमें प्रमुख रुप से बुलढाणा, अकोला, यवतमाल, वर्धा, नागपुर, गडचिरोली, गोंदिया, मराठवाडा, सातारा, सांगली और मुंबई से आए श्रद्धालुओं का समावेश रहा.
इसके अलावा अमरावती जिले के दर्यापुर, परतवाडा, चांदुर बाजार, वरुड, मोर्शी, धारणी, बडनेरा सहित अन्य क्षेत्रों से भी बडी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. दर्शन करने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की कतारे लगी रही. रविवार 19 जुलाई को सुबह से शुरु हुई श्रद्धालुओं की भीड देर रात तक बनी रही. मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारे दिखाई दी. रात 9 से 10 बजे तक श्रद्धालुओं ने अनुशासित रुप से दर्शन किए. आश्रम प्रशासन के अनुसार दिनभर में लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं ने देवपूजा एवं दर्शन का लाभ लिया.

* 25 जुलाई को भी होगा विशेष देवपूजा का आयोजन
आषाढी एकादशी के अवसर पर 25 जुलाई को भी कारंजेकर परिवार की ओर से विशेष देवपूजा का आयोजन किया जाएगा. उस दिन इससे भी अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के यहां पहुंचने की संभावना है, ऐसी जानकारी देते हुए प.पू. महंत मोहनदादा कारंजेकर बाबा ने कहा कि, इस विशेष देवपूजा के लिए आश्रम में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरु कर दी गई है.

Back to top button