स्वच्छ और सुंदर अमरावती के लिए निगम का अभियान तेज
आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने किया मैदानी निरीक्षण

अमरावती/दि.21- शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने के उद्देश्य से अमरावती मनपा के आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने सोमवार को जोन क्रमांक-3 के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था, नालों की सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए.
आयुक्त ने मधुबन ले-आउट, साधना कॉलोनी, यशोदा नगर चौक, दस्तूरनगर चौक, संजय गांधी नगर क्रमांक-1 एवं 2 तथा फ्रेजरपुरा श्मशान भूमि परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने नालों की सफाई, सड़कों के किनारे जमा कचरे और बारिश के दौरान जलभराव की संभावित समस्याओं की समीक्षा की.
* नालों की नियमित सफाई के निर्देश
डॉ. गोंदावले ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान नालों में जमा गाद और कचरे को तत्काल हटाया जाए तथा जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. जिन स्थानों पर नालों में अवरोध हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाने और नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए.
* नए कचरा संकलन केंद्र के लिए स्थल का निरीक्षण
आयुक्त ने आकाशवाणी केंद्र के समीप तथा सर्किट हाउस क्षेत्र के लाल बंगला परिसर में प्रस्तावित नए कचरा संकलन केंद्र के लिए चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया. मनपा का मानना है कि इस केंद्र के शुरू होने से शहर में कचरा संग्रहण और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन की व्यवस्था अधिक तेज, व्यवस्थित और प्रभावी होगी.
* अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित विभाग प्रमुखों, अभियंताओं और स्वच्छता अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने, सफाई और नालों की सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने बरसात के मद्देनजर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के भी आदेश दिए. मनपा प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे कचरा खुले में न फेंकें और शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के अभियान में सहयोग करें. निरीक्षण के दौरान स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, पूर्व जोन सभापति इस्माइल कासम लालुवाले, महिला एवं बाल कल्याण समिति सभापति ममता आवारे, कई नगरसेवक, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, सहायक आयुक्त नितीन बोबडे, चिकित्सा अधिकारी (स्वच्छता) डॉ. अजय जाधव सहित महानगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.