अमरावती के शेख हातिम ने रचा इतिहास

नीट, जेईई, एमएचटी-सीईटी और आईआईएसईआर जैसी चार बड़ी परीक्षाओं में शानदार सफलता

अमरावती/दि.21- शहर के प्रतिभाशाली छात्र शेख हातिम ने एक साथ देश की कई प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अमरावती और महाराष्ट्र का नाम रोशन किया है. शेख हातिम ने नीट, जेईई-मेन, जेईई-एडवांस्ड, एमएचटी-सीईटी और आईआईएसईआर जैसी कठिन परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है.
शेख हातिम ने नीट-2026 में 720 में से 660 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 908 हासिल की. जेईई मेन में 98.96 पर्सेंटाइल, जेईई-एडवांस्ड में एआईआर 4378 प्राप्त करने के साथ उन्हें आईआईटी बॉम्बे में सीट आवंटित हुई. इसके अलावा आईआईएसईआर में एआईआर-30, एमएचटी-सीईटी (पीसीबी) में 99.99 पर्सेंटाइल, एमएचटी-सीईटी (पीसीएम) में 99.81 पर्सेंटाइल तथा कक्षा 12वीं में 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. शेख हातिम ने गणित और जीवविज्ञान दोनों विषयों का समान रूप से अध्ययन करते हुए रटने के बजाय विषयों की अवधारणाओं (कॉन्सेप्ट) को समझने पर विशेष जोर दिया. उनका मानना है कि चिकित्सा और इंजीनियरिंग वैज्ञानिक सोच के दो अलग-अलग अनुप्रयोग हैं, इसलिए किसी एक क्षेत्र तक खुद को सीमित नहीं करना चाहिए. अब वे चिकित्सा क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं और इंजीनियरिंग जैसी तार्किक एवं विश्लेषणात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का लक्ष्य रखते हैं. उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि जब विद्यार्थी विज्ञान से सच्चा प्रेम करते हैं, तो सफलता स्वयं उनके कदम चूमती है.
* युवा विद्यार्थियों के लिए प्रेरक संदेश
अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, जिज्ञासा और विषयों की गहरी समझ को देते हुए शेख हातिम ने कहा, पेशे के नाम के पीछे मत भागिए. विषय से प्रेम कीजिए, उसकी गहराई को समझिए और अपनी जिज्ञासा को सीखने का मार्गदर्शक बनने दीजिए. भविष्य उनका है जो केवल एक क्षेत्र तक सीमित न रहकर विभिन्न विषयों को जोड़कर सोच सकते हैं. परिणामों के पीछे मत भागिए, ज्ञान के पीछे भागिए, क्योंकि अच्छे परिणाम ज्ञानवान मन का स्वाभाविक परिणाम होते हैं. शेख हातिम की यह उपलब्धि न केवल अमरावती बल्कि पूरे महाराष्ट्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.

 

Back to top button