डवरगांव में कृषिकन्याओं ने किसानों को दी स्मार्ट खेती की जानकारी

डिजिटल कृषि अपनाने का दिया संदेश

अमरावती/दि.21 – पी. आर. पोटे पाटिल कृषि महाविद्यालय के ग्रामीण कृषि कार्यानुभव कार्यक्रम के अंतर्गत डवरगांव में किसानों के लिए स्मार्ट खेती-डिजिटल कृषि विषय पर जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया. इस दौरान कृषिकन्याओं ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और मोबाइल ऐप्स के माध्यम से खेती को अधिक वैज्ञानिक, योजनाबद्ध और लाभदायक बनाने की जानकारी दी.
कार्यक्रम में किसानों को मौसम पूर्वानुमान, फसल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, मृदा परीक्षण, उर्वरकों की अनुशंसित मात्रा, बाजार भाव, फसल बीमा, सरकारी योजनाओं और कृषि विशेषज्ञों की सलाह उपलब्ध कराने वाले विभिन्न कृषि मोबाइल ऐप्स की जानकारी दी गई. विद्यार्थियों ने किसानों के मोबाइल फोन में इन ऐप्स को डाउनलोड कर उनकी पंजीकरण प्रक्रिया भी पूरी कराई. इसके अलावा डिजिटल मैप और लोकेशन सेवाओं के माध्यम से कृषि कार्यालय, कृषि सेवा केंद्र, बीज एवं उर्वरक विक्रेताओं तथा अन्य सरकारी कार्यालयों की जानकारी आसानी से प्राप्त करने का तरीका भी समझाया गया. कृषिकन्याओं ने बताया कि बदलते मौसम के दौर में समय पर और विश्वसनीय जानकारी मिलने से उत्पादन लागत कम की जा सकती है और खेती को अधिक लाभदायक बनाया जा सकता है.
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल ठाकरे, उपप्राचार्य नितेश चौधरी, कार्यक्रम समन्वयक प्रा. श्वेता देशमुख, कार्यक्रम अधिकारी प्रा. मदन जाधव तथा विषय विशेषज्ञ प्रा. श्वेता गनवीर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया. अभियान में सेजल नागले, रिया चोबितकर, आनंदी नवरंगे, रिया ढेंगले और ऋतु देशमुख ने किसानों को डिजिटल कृषि तकनीकों के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया. इस पहल से किसानों में डिजिटल कृषि उपकरणों के प्रति जागरूकता बढ़ी और आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को अधिक सशक्त एवं लाभकारी बनाने का विश्वास व्यक्त किया गया.

Back to top button