कपिलवस्तु नगर में युवक की हत्या, दो घंटे में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था विशाल उर्फ छोट

* पुराने विवाद में 17 वर्षीय किशोर ने किया हमला
अमरावती/दि.7– गाडगे नगर थाना क्षेत्र के कपिलवस्तु नगर में शनिवार रात पुराने विवाद को लेकर हुए चाकू हमले में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान विशाल उर्फ छोटू राजेश मनोहरे, निवासी रमाबाई आंबेडकर नगर, गाडगे नगर के रूप में हुई है. वारदात के बाद अपराध शाखा ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर 17 वर्ष 9 माह के विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में ले लिया.
जानकारी के मुताबिक 5 सितंबर की रात करीब 9 बजे विशाल अपने मित्र साहिल वानखड़े के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए कपिलवस्तु नगर गया था. इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर उसकी एक 17 वर्षीय किशोर से कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर किशोर ने धारदार चाकू से विशाल पर हमला कर दिया. हमले में विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके शरीर से काफी रक्तस्राव होने के कारण उसे तत्काल जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
* दो घंटे में संदिग्ध हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही अपराध शाखा की टीम ने तत्काल जांच शुरू कर दी. पुलिस ने तकनीकी जानकारी और गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की और घटना के करीब दो घंटे के भीतर उसे हिरासत में लेने में सफलता हासिल की. पुलिस के अनुसार हिरासत में लिया गया किशोर कपिलवस्तु नगर का निवासी है और उसकी उम्र 17 वर्ष 9 माह है. पुराने विवाद के चलते हमला किए जाने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है. मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. इस मामले में गाडगे नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. विशाल की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है.
* शहर में हत्या की घटनाओं से बढ़ी चिंता
अमरावती शहर में लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं के बीच कपिलवस्तु नगर की इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस द्वारा आरोपी को जल्द हिरासत में लिए जाने से जांच में तेजी आने की उम्मीद है.





