अकाउंटंट ने गंवाए क्रिकेट सट्टे में दो करोड
फिर मालिक को दिया धोखा

नागपुर/दि.28 – एक सनसनीखेज प्रकरण में 25 साल के अकाउंटंट ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे में लगभग दो करोड गंवाने के बाद अपने प्रतिष्ठान के मालिक के साथ फ्रॉड किया. तहसील पुलिस ने आरोपी जयकुमार अनवर करे (25, दिप्ती सिग्नल एरिया) के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत चिटींग का केस दर्ज किया है.
इस बारे में शंकरलाल खटुमल वासवानी (61) ने शिकायत दी है. कुकरेजा नगर के रहनेवाले वासवानी की लोहा ओली में अशोक हार्डवेयर नाम से शॉप है. वहां जय करे दो वर्षों से अकाउंट का काम करता था और सारा व्यवहार, बैंक संबंधी कामकाज उसी के जिम्मे था. फर्म के साथ हो रखा धोखा मंगलवार दोपहर में उजागर हुआ. जब वासवानी के बेटे गिरीश ने मार्च माह के बैंक स्टेटमेंट देखे. उन्होंने पाया कि, 31 मार्च को संदिग्ध परिस्थिति में एक लाख रुपए बैंक से विड्रॉल किए गए हैं. इसके बाद पूछताछ करने पर जय करे ने इधर-उधर के जवाब दिए. फिर यह भी खुलासा हुआ कि, गोल्ड 365 वेबसाइट पर आरोपी जय करे ने क्रिकेट सट्टा खेला और करीब दो करोड रुपए गंवा बैठा. तुरंत पुलिस में शिकायत दी गई. पुलिस ऑनलाइन बेटिंग लिंक से जुडे लोगों की तहकीकात में लगी है.





