शहर में हथियार, अवैध शराब और गांजा सेवन के मामलों में कार्रवाई
क्राइम ब्रांच का विशेष अभियान, 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

अमरावती/दि.8– अमरावती शहर में गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, अवैध रूप से शराब बेचने, हथियार रखने तथा मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इस अभियान के तहत पुलिस ने कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज किये. गिरफ्तार आरोपियों के नाम बडनेरा के राहुल नगर निवासी मनोज उर्फ खोक्या बुद्धम ढोके (35), नागपुरी गेट के बिस्मिल्ला नगर निवासी सैयद कमर सैयद तरी (37), दरोगा प्लॉट निवासी जीतू संतोष धामणे (22) और वडरपुरा निवासी अक्षय उत्तम शिंदे (24) है.
* बंदूक लेकर खड़ा युवक गिरफ्तार
बडनेरा पुलिस थाना क्षेत्र के बगिया टी-पॉइंट पर मनोज उर्फ खोक्या बुद्धम ढोके (35) को संदिग्ध स्थिति में हाथ में हथियार लेकर खड़ा पाया गया. पुलिस के अनुसार वह लोगों को धमका रहा था और आपराधिक वारदात की तैयारी में था. तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 700 रुपये कीमत की लोहे की बंदूक बरामद हुई. हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ बडनेरा पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट व संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.
* बैग में छिपाकर ले जा रहा था लोहे की तलवार
दूसरी कार्रवाई में सैयद कमर सैयद (37) को खुफिया जानकारी के आधार पर रोका गया. पुलिस के अनुसार वह सफेद बैग में हथियार लेकर एकेडमी ग्राउंड से कालीपुरा की ओर जा रहा था. तलाशी के दौरान उसके बैग से करीब 1 हजार रुपये कीमत की लोहे की छोटी तलवार बरामद हुई. हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ नागपुरी गेट पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.
* अवैध शराब बेचते युवक पर कार्रवाई
राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन परिसर में जीतू संतोष धामणे (22) को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा गया. उसके खिलाफ राजापेठ पुलिस थाने में महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया.
* सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन करते युवक गिरफ्तार
फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के ऑक्सीजन पार्क में अक्षय उत्तमराव शिंदे (24) को सार्वजनिक स्थान पर गांजा का सेवन करते हुए पाया गया. पुलिस ने उसके खिलाफ फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.
यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा पुलिस उपायुक्त मुख्यालय (अपराध) प्रांजलि सोनवणे के मार्गदर्शन में की गई. क्राइम ब्रांच यूनिट-1 के निरीक्षक दिनेश दहातोंडे तथा यूनिट-2 के निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक मनीष वाकोडे, सहायक निरीक्षक महेश इंगोले, सहायक निरीक्षक दशरथ आड़े, पीएसआई गजानन सोनुने, एएसआई सुनील लासुरकर, फिरोज खान, दीपक सुंदरकर, गजानन ढेवले, संभाजी केंद्रे, मनोज ठोसर, मंगेश परिमल, सचिन बहाले, आस्तिक देशमुख, मंगेश लोखंडे, जहीर शेख, संजय भारसाकले, मिर्जा नईम बेग, नाजिम उद्दीन सैयद, अतुल संभे, विकास गुडधे, विशाल वाकपांजर, रणजीत गावंडे, नरेश मोहरिल, सागर ठाकरे, राजिक रायलीवाले, सूरज चव्हाण, निखिल गेडाम, योगेश पवार, चेतन गुल्हाने, चालक संदीप खंडारे, प्रभात पोकले, चेतन शर्मा और राहुल दुधे के दल ने की.