अमरावती में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को सुधारे
उपमहापौर सचिन भेंडे के नेतृत्व में पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

* वायएसपी पार्षदों ने सीपी से की गहन चर्चा
अमरावती/दि.11 – अमरावती शहर में दिन-ब-दिन बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर डिप्टी मेयर सचिन भेंडे के नेतृत्व में युवा स्वाभिमान पार्टी के सभी नगरसेवकों ने आज पुलिस आयुक्त राकेश ओला को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. शहर की ट्रैफिक समस्या को लेकर इस अवसर पर गहन चर्चा भी की गई.
ज्ञापन में बताया गया कि शहर के प्रमुख चौक, बाजार क्षेत्र, स्कूल-कॉलेज परिसर तथा मुख्य मार्गों पर लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विशेष रूप से राजकमल चौक, इर्विन चौक, राजापेठ बस स्टैंड, चित्रा चौक, चौधरी चौक, बडनेरा रोड तथा गोपाल नगर चौक जैसे व्यस्त क्षेत्रों में अव्यवस्थित यातायात के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है. ज्ञापन में आगे कहा गया है कि, सड़कों पर अवैध पार्किंग, यातायात नियमों का उल्लंघन तथा कई प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और गंभीर बनती जा रही है. वहीं स्कूल और कॉलेज क्षेत्रों में सुबह एवं शाम के समय अत्यधिक भीड़ के कारण विद्यार्थियों और पालकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि शहर के बड़े और संवेदनशील चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाई जाए, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं. इस अवसर पर उपमहापौर सचिन ओंकारराव भेंडे, आमले नाना उर्फ ज्ञानेश्वर श्रीराम, दीपक किसनलाल साहू, प्रीति हर्षल रेवणे, योगेश रघुनाथ विजयकर, अर्चना अशोक पांडे, प्रियंका भूषण पाटने, नंदा धनंजय सावदे, प्रशांत आनंदराव वानखड़े, महेश धनराज मुलचंदानी, सुमति विजय ढोके, रजनी राजेश डोंगरे, अजय मदनमोहन जयसवाल, गौरी शैलेंद्र मेघवानी तथा किशोर चंद्रशेखर जाधव सहित अनेक नागरिक उपस्थित थे.





