प्रभाग-4 जमील कालोनी में स्वच्छता हेतु भडके एमआईएम के चारों नगरसेवक
एसआई राठोड और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जाधव का फूलमाला से स्वागत

* गंदगी को लेकर इकबाल साहिल ने किये सवाल
* कोणार्क कंपनी को 90 दिनों का प्रोसेस टाइम क्यों
* चार दिनों बाद ठिया देने की चेतावनी
अमरावती/दि.5 – साफ-सफाई को लेकर नागरिक नाराज है. वे अपना रोष नगरसेवकों पर व्यक्त कर रहे हैं. कचरा ठेका कंपनी कोणार्क को लेकर महापालिका की कथित दोहरी नीति भी नगरसेवकों के निशाने पर बतायी जा रही है. इसी के चलते आज सबेरे प्रभाग-4 जमील कालोनी लालखडी में एमआईएम के चारों नगरसेवकों और परिसर के लोगों ने सैनिटरी इस्पेक्टर राठोड एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय जाधव को फूलमालाए पहनाकर अपना अलग अंदाज में गुस्सा व्यक्त किया. उसी प्रकार नगरसेवकों ने 4 दिनों बाद ठिया आंदोलन करने की चेतावनी दी है.
जानकारी के अनुसार मुस्लिम बहुल भागों में साफ-सफाई का घोर अभाव है. वहां गंदगी का आलम रहने के साथ अनेकानेक नालियां चोकअप हो रखी है. अभी तो गर्मी का सीजन चल रहा है. अगले माह बारिश के आगमन के साथ वहां गंदगी और बीमारियां पनप सकती है. ऐसे में क्षेत्र के नगरसेवकों ने मनपा प्रशासन को निवेदन देकर नियमित साफ-सफाई की मांग की थी. उनका कहना रहा कि, मुस्लिम बहुल क्षेत्र उपेक्षित किये जा रहे हैैं. गंदगी के कारण लोगों का रहना दुश्वार हो गया है.
आज सबेरे नगरसेवक तथा एमआईएम गट नेता अब्दूल हमीद, बीबी बतुल हाफीज ताहेर, नगरसेविका कुबरा बानो के सुपुत्र इकबाल ताहीर और नगरसेवक अहमद ने सैनिटरी निरीक्षक राठोड एवं मनपा स्वास्थ्य अधिकारी जाधव को अपने एरिया में बुलाया. वहां उनका गांधीगीरी करते हुए पुष्पमाला से स्वागत किया. अपने एरिया में नियमित सफाई की मांग चारों नगरसेवकों ने मनपा स्वास्थ्य अधिकारी और स्वास्थ्य निरीक्षक के सामने रखी. नगरसेवक और समर्थक तमतमाये हुए थे. इकबाल ताहीर ने महापालिका की नीति पर सवाल उठाये. उन्होंने सफाई ठेकेदार कंपनी कोणार्क को 90 दिनों का प्राइम पीरेड देने पर प्रश्न किये. क्षेत्र के नागरिकों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए चारों ही नगरसेवकों ने महापालिका को संपूर्ण साफ-सफाई के वास्ते चार दिनों का अल्टीमेटम दिया है. अन्यथा ठिया आंदोलन करने की चेतावनी दी है.
महापालिका में जनप्रतिनिधियों का राज आने के बाद लगातार साफ-सफाई को लेकर नगरसेवक तैश में दिखाई दे रहे हैं. स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जाधव को इससे पहले प्रभाग-1 में नगरसेवक चंदू खेडकर और लोगों ने फूलमालाएं पहनाई थी.





