रघुवीर सोसायटी के खुले प्लॉट पर अतिक्रमण के प्रयास का आरोप

सोसायटी सदस्यों ने उपमहापौर सचिन भेंडे को सौंपा निवेदन

अमरावती/दि.28 – साईनगर स्थित रघुवीर सोसायटी के एक खुले प्लॉट को लेकर विवाद सामने आया है. सोसायटी के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि सोसायटी के अध्यक्ष, जो इतवारा बाजार में अनाज के बड़े व्यापारी भी हैं, द्वारा खुले प्लॉट को अपने क्षेत्र में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है. इसकी जानकारी सोसायटी के सदस्यों को मिलने के बाद उन्होंने एकजुट होकर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है.
सोसायटी के सदस्यों ने इस संबंध में अमरावती के उपमहापौर सचिन भेंडे को निवेदन सौंपकर संबंधित खुले क्षेत्र को प्रस्तावित सार्वजनिक उद्यान में शामिल करने की मांग की. सदस्यों का कहना है कि उक्त जगह का उपयोग सोसायटी के लोगों और परिसर के नागरिकों के सार्वजनिक हित में किया जाना चाहिए. निवेदन में सदस्यों ने संबंधित क्षेत्र की स्थिति स्पष्ट करने तथा किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या निजी उपयोग में शामिल किए जाने के प्रयास पर रोक लगाने की मांग की है. साथ ही प्रशासन द्वारा स्थल की जांच कर वस्तुस्थिति के आधार पर निर्णय लेने का अनुरोध किया गया है. सोसायटी के सदस्यों का आरोप है कि इस मामले में कुछ प्रभावशाली नेताओं के माध्यम से प्रशासन पर दबाव बनाने का प्रयास भी किया जा रहा है. हालांकि, इस संबंध में संबंधित पक्ष का पक्ष अभी सामने नहीं आया है. सोसायटी सदस्यों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर खुले प्लॉट की स्थिति स्पष्ट करने तथा सार्वजनिक उपयोग के लिए प्रस्तावित उद्यान की जगह को सुरक्षित रखने की मांग की है.

Back to top button