‘लाडली बहन’ योजना में 3,500 करोड़ रुपये की अनियमितता का आरोप

कांग्रेस ने महायुति सरकार को घेरा, प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल आक्रामक

मुंबई/दि.14- महाराष्ट्र की ‘लाडली बहन’ योजना को लेकर कांग्रेस ने महायुति सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया कि योजना में करीब 3,500 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता हुई है और सरकार को इस अतिरिक्त खर्च का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं देना आ रहा है.
सपकाल ने कहा कि सरकार ने योजना के लिए 29,693 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था, लेकिन 3,541 करोड़ रुपये अधिक खर्च किए गए. उनका आरोप है कि इस अतिरिक्त राशि का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है और धन के उपयोग में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं. उन्होंने कहा कि ‘लाडली बहन’ योजना के नाम पर भ्रष्टाचार किया गया है। उनका आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए संचालित ‘लेक लाडकी’ योजना से करीब 3,490 करोड़ रुपये इस योजना में स्थानांतरित किए गए. इसके अलावा सामाजिक न्याय विभाग की अन्य योजनाओं के धन का भी उपयोग किए जाने का आरोप लगाया गया. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं से प्रतिमाह 2,100 रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा पूरा नहीं हुआ. इसके विपरीत केवाईसी के नाम पर 92 लाख महिलाओं के नाम योजना से हटाए गए, जिसे उन्होंने महिलाओं के साथ विश्वासघात बताया.
सपकाल ने यह भी कहा कि महिलाओं की कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च बढ़ने के बावजूद आवास, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी योजनाओं के बजट में कटौती की गई है. उनका दावा है कि भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने भी योजना के वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस ने महायुति सरकार से योजना के प्रत्येक रुपये का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं के नाम पर राजनीति करने के बजाय सरकार को पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए. हालांकि, इन आरोपों पर महायुति सरकार की ओर से इस खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

Back to top button