इर्विन अस्पताल में महिला कर्मचारी से बदसलूकी का आरोप

डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज, भीम ब्रिगेड का विरोध

* लैब हेड के पद से हटाए गए डॉ. अमित क्षार
* जांच के लिए समिति गठित
अमरावती /दि.11- जिला सामान्य अस्पताल की प्रयोगशाला में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ कथित बदसलूकी और छेड़छाड़ के मामले में लैबोरेटरी हेड डॉ. अमित क्षार के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. घटना के विरोध में सोमवार को भीम ब्रिगेड ने जिला शल्य चिकित्सक कार्यालय में आंदोलन किया. इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने डॉ. क्षार को लैबोरेटरी हेड के पद से हटाकर उनके मूल पद पर वापस भेजने का आदेश जारी किया है.

* केबिन में बुलाकर बदसलूकी का आरोप
शिकायत के मुताबिक जिला सामान्य अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मचारी शनिवार को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक ड्यूटी पर थी. शाम करीब 7.30 बजे डॉ. क्षार लैब में पहुंचे और महिला कर्मचारी से कुछ पूछताछ की. इसके बाद वह उनके साथ राउंड पर गई. महिला कर्मचारी के आरोप के अनुसार, बाद में उसे अंदर आने के लिए कहा गया. असहज महसूस होने पर वह वहां से चली गई. आरोप है कि इसके बाद डॉ. क्षार ने उसे बार-बार फोन कर वापस बुलाने का प्रयास किया और कुछ समय बाद केबिन में मिलने के लिए कहा. शिकायत में महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि केबिन में जाने के बाद डॉक्टर ने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया और अनुचित मांग की. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

* भीम ब्रिगेड ने किया आंदोलन
घटना की जानकारी सामने आने के बाद भीम ब्रिगेड ने महिला कर्मचारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को जिला शल्य चिकित्सक के हॉल में विरोध प्रदर्शन किया. संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. आंदोलन में भीम ब्रिगेड के अध्यक्ष राजेश वानखड़े, ज्ञानेश्वर रंगारी, अजय तायड़े, रोशन गवई, अजय खडसे, अंशुमान इंगले, मंगेश गवई, सूरज खिराड़े, विशाल खंडारे, अक्षय मोरे, बाबाराव मेश्राम सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए.

* लैब हेड पद से हटाया
आंदोलन के बाद जिला शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार ने मामले का संज्ञान लेते हुए डॉ. अमित क्षार को प्रयोगशाला प्रमुख के पद से हटाने का आदेश दिया. उन्हें उनके मूल पद पर वापस भेज दिया गया है.

* विशाखा समिति के माध्यम से होगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने विशाखा समिति के माध्यम से स्वतंत्र जांच समिति गठित की है. समिति मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button